Shah Rukh Khan: मुंबई। बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान के जन्मदिन का इंतजार हर साल उनके फैंस को रहता है। 2 नवंबर को हजारों प्रशंसक मुंबई में उनके घर ‘मन्नत’ के बाहर जमा होते हैं और अपने पसंदीदा स्टार की एक झलक पाने की उम्मीद करते हैं। लेकिन इस बार फैंस को निराशा हो सकती है। खबरों के मुताबिक, शाहरुख खान ने अपनी आने वाली फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग में व्यस्त होने के कारण सालाना बर्थडे मीट रद्द करने का फैसला किया है।
‘किंग’ की शूटिंग के चलते बदला प्लान
शाहरुख खान इन दिनों निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग में जुटे हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म का काम अहम चरण में है और मेकर्स तय समय पर इसे पूरा करना चाहते हैं। ऐसे में अभिनेता का शेड्यूल काफी व्यस्त है। इसी वजह से वह इस बार जन्मदिन पर फैंस से मुलाकात के लिए समय नहीं निकाल पाएंगे।
हालांकि, बर्थडे मीट को लेकर सामने आई जानकारी की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। हर साल शाहरुख के जन्मदिन पर उनके घर के बाहर फैंस की भारी भीड़ जुटती है। ऐसे में इस बार मुलाकात नहीं होने की खबर उनके चाहने वालों को मायूस कर सकती है।

‘किंग’ के गानों की शूटिंग में जुटे शाहरुख
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहरुख खान इन दिनों फिल्म ‘किंग’ के गानों की शूटिंग कर रहे हैं। मुंबई के विले पार्ले स्थित एक स्टूडियो में दीपिका पादुकोण के साथ एक बड़े गाने की शूटिंग शुरू होने की जानकारी सामने आई है। इस गाने को कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेंट तैयार कर रही हैं।
इसके बाद फिल्म की टीम विदेश में भी शूटिंग करने की तैयारी में है। वहां एक और गाने के साथ कुछ अहम दृश्यों की शूटिंग की जाएगी। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि शाहरुख की बेटी सुहाना खान फिल्म के एक खास गाने का हिस्सा हो सकती हैं।
दिसंबर में फैंस से मिल सकते हैं किंग खान
जन्मदिन पर मुलाकात नहीं होने के बावजूद फैंस के लिए उम्मीद बाकी है। खबरों के अनुसार, बर्थडे मीट को बाद में आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए दिसंबर के मध्य का समय सामने आया है, हालांकि इसकी तारीख और आयोजन को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

