पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में सुरजपुर-सुखोमाजरी बाईपास पर 10 सितंबर को अवैध खैर लकड़ी की तस्करी कर रहे दो आरोपियों ने चेकिंग के दौरान कालका रेंज के वन दरोगा सचिन पर हमला कर दिया। तस्करों ने वन अधिकारी से हाथापाई कर उनका मोबाइल फोन छीन लिया और गाड़ी से पिस्टल निकालकर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपी अवैध खैर की लकड़ी से भरी महिंद्रा पिकअप गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए। इस मामले में पिंजौर थाना पुलिस ने वन दरोगा की शिकायत पर खड़कुआ निवासी बंटी और हरिपुर निवासी रवि के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और वन अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ढाबे पर रोका तो दरोगा से की हाथापाई
कालका रेंज में तैनात वन दरोगा सचिन को 10 सितंबर को वरिष्ठ अधिकारियों से गुप्त सूचना मिली थी कि एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी में अवैध खैर की लकड़ी भरकर सुरजपुर-सुखोमाजरी बाईपास की तरफ ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां गाड़ी एक ढाबे पर खड़ी मिली। जब वन दरोगा ने गाड़ी चालक को रोका, तो उसने ढाबे के अंदर मौजूद अपने साथी को बाहर बुला लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने वन दरोगा के साथ मारपीट शुरू कर दी और उनका मोबाइल फोन छीन लिया।
‘गाड़ी से पिस्टल निकाल, इसे गोली मारता हूं’
हाथापाई के दौरान ढाबे पर मौजूद आरोपी ने पिकअप चालक को चिल्लाकर कहा कि वह तुरंत गाड़ी लेकर भागे और गाड़ी में रखी पिस्टल निकालकर दे ताकि वह वन दरोगा को गोली मार सके। इसके तुरंत बाद चालक तेज रफ्तार में खैर की लकड़ी से लदी पिकअप लेकर सुखोमाजरी की दिशा में भाग निकला। इधर, वन दरोगा ने हिम्मत दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद दूसरे आरोपी से अपना मोबाइल वापस छीना और आरोपियों की तस्वीरें खींच लीं। इसके बाद दूसरा आरोपी भी नदी पार करके पैदल ही सूरजपुर की ओर भाग गया।
आरोपियों पर BNS और वन अधिनियम के तहत FIR
अमरावती पुलिस चौकी के एएसआई चिरंजी लाल के अनुसार, वन दरोगा सचिन की शिकायत पर मुकदमा नंबर 283 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 132, 351, 3(5), 303 और वन अधिनियम 1927 की धारा 32 व 33 के तहत कार्रवाई की है। प्राथमिक जांच में नामजद आरोपियों की पहचान खड़कुआ निवासी बंटी और हरिपुर गांव निवासी रवि के रूप में हुई है।
पहले भी खैर तस्करी में पकड़ा जा चुका है आरोपी रवि
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, नामजद आरोपी रवि पहले भी अवैध खैर लकड़ी की तस्करी के मामलों में पकड़ा जा चुका है। वारदात के बाद से ही दोनों आरोपी फरार हैं। पिंजौर थाना पुलिस और अमरावती चौकी पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



