पंचकूला। पंचकूला के एक सरकारी स्कूल में केजी कक्षा की मासूम बच्ची के साथ हुई कथित बेरहमी से मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। केजी कक्षा की ‘स्पेशल चाइल्ड’ बच्ची पर तीसरी कक्षा के छात्र द्वारा किए गए जानलेवा हमले के बाद, पुलिस ने स्कूल प्रबंधन की भारी लापरवाही पाए जाने पर उसके खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है।

डीसीपी अदिति सिंह का बयान और पुलिस कार्रवाई

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त (DCP) अदिति सिंह ने बताया कि मासूम बच्ची से बर्बरता के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह एफआईआर जूवेनाइल जस्टिस एक्ट (JJ Act) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत दर्ज की गई है। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि स्कूल परिसर के अंदर बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था और उनकी उचित निगरानी को लेकर गंभीर लापरवाही बरती गई है।

पहली मंजिल पर ले जाकर पत्थरों और गमले से किया हमला

यह खौफनाक वारदात पंचकूला के सरकारी स्कूल परिसर के भीतर घटी। पीड़ित बच्ची के चाचा फाजिल के अनुसार, आरोपी छात्र उनकी भतीजी को उसके पिता द्वारा बुलाए जाने का बहाना बनाकर स्कूल की पहली मंजिल पर ले गया था। वहां आरोपी ने केजी में पढ़ने वाली ‘स्पेशल चाइल्ड’ बच्ची पर पत्थरों से लगातार हमला किया और फिर भारी गमला उठाकर उसके ऊपर दे मारा।

घसीटे जाने से बेसुध मिली थी मासूम

परिजनों का आरोप है कि मासूम बच्ची को काफी देर तक घसीटा भी गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेसुध पड़ी मिली। जब परिजन बच्ची को ढूंढते हुए स्कूल पहुंचे, तो आरोपी छात्र ही उन्हें उस स्थान तक लेकर गया जहां बच्ची बेसुध पड़ी थी। परिजनों का कहना है कि यदि स्कूल में शिक्षकों या कर्मचारियों की कोई निगरानी होती तो बच्ची को इतनी गंभीर चोटें लगने से बचाया जा सकता था। पुलिस अब स्कूल प्रबंधन की भूमिका और सुरक्षा कमियों की गहनता से जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m