सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले में कुंडली क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-44 पर पार्कर मॉल के सामने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां चलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुराने विवाद में समझौते के लिए पहुंचे दो युवकों पर 20 से 25 युवकों के गिरोह ने हमला कर दिया और फायरिंग कर दी। इस वारदात में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वारदात के बाद हमलावरों के मौके से भागने की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।

छाती और हाथ में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती

फायरिंग की इस घटना में घायल हुए एक युवक के हाथ में गोली लगी है, जबकि दूसरे युवक की छाती में गोली लगने की सूचना है। दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल युवक और उनके साथी बिल्डिंग मटेरियल सप्लाई का काम करते हैं। वारदात के बाद सामने आई सीसीटीवी फुटेज में हमलावर युवक भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।

दुकान पर समझौते के लिए पहुंचे थे युवक

घायल राहुल के मुताबिक, उनका ‘हरियाणा स्टील’ नाम से दुकान चलाने वाले एक दुकानदार के साथ पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने और आपस में समझौता करने के लिए वे दुकान पर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसके कुछ ही देर बाद हथियारों से लैस 20 से 25 युवक मौके पर पहुंच गए।

राहुल का आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की और फिर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पीड़ित के अनुसार, तीन से चार युवकों के हाथों में हथियार थे और उन्होंने ही सीधी फायरिंग की।

पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाल रही टीम

नेशनल हाईवे पर दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल में भर्ती घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इसके साथ ही मौके से मिली सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस टीमें प्रयास कर रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m