पंचकूला/चंडीगढ़। पंचकूला के एक स्कूल में बेरहमी से मारपीट का शिकार हुई मासूम बच्ची की सेहत को लेकर एक बेहद राहत भरी खबर सामने आई है। चंडीगढ़ के पीजीआई में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही बच्ची की हालत में अब काफी सुधार हो रहा है। कई दिनों तक अस्पताल में लगातार उपचार के बाद वह अब अपनी मां की गोद में सुकून महसूस कर रही है, जिससे उसके परिवार को बड़ी राहत मिली है।
पहले निवाले ने परिवार को दी नई उम्मीद
जिस नन्ही बच्ची के स्वस्थ होने के लिए देश भर के लोग लगातार दुआएं मांग रहे थे, उसने इस दर्दनाक हादसे के बाद पहली बार अपने मुंह से खाना खाया। बच्ची ने जैसे ही खिचड़ी का पहला निवाला लिया, उसके माता-पिता की आंखें खुशी से भर आईं। परिवार के लिए यह पल किसी चमत्कार से कम नहीं था। माता-पिता ने वीडियो जारी कर इस कठिन समय में साथ देने, दुआएं करने और हौसला बढ़ाने वाले देश भर के लोगों का आभार जताया है।
क्या था पूरा मामला?
बता दें कि पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित संस्कृति मॉडल स्कूल में तीसरी कक्षा के एक छात्र ने केजी (KG) कक्षा में पढ़ने वाली मासूम बच्ची पर हमला कर दिया था। आरोप है कि छात्र ने बच्ची को पत्थरों और भारी गमले से बुरी तरह पीटा था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने के कारण उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया था। स्कूल परिसर में हुई इस घटना के बाद हड़कंप मच गया था, लेकिन अब बच्ची की सेहत में हो रहे सुधार ने सभी के चेहरे पर मुस्कान ला दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

