प्रतीक शर्मा, लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है, जहां ग्राम पंचायत डिंडौरी में प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। ग्राम पंचायत की सरपंच ललीता मार्को के खिलाफ पंचों ने मोर्चा खोल दिया है। पंचों ने एकजुट होकर एसडीएम लोरमी को अविश्वास प्रस्ताव की लिखित सूचना सौंपी है। सरपंच और उनके पति पर भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितता और दबंगई के गंभीर आरोप लगे हैं।
पढ़िए पूरी खबर
ग्राम पंचायत डिंडौरी में सरपंच पति का दखल और विकास कार्यों में लेट-लतीफी को लेकर पंचों में भारी आक्रोश है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लोरमी को सौंपे गए ज्ञापन में पंचों ने आरोप लगाया है कि सरपंच ललीता मार्को पंचायत का कामकाज खुद संभालने के बजाय अपने पति से कराती हैं। इतना ही नहीं, शासकीय दस्तावेजों पर सरपंच के बजाय उनके पति ही हस्ताक्षर करते हैं।

पंचों का यह भी आरोप है कि सरपंच पति द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज किया जाता है। विरोध करने पर उन्हें धमकाया जाता है। पंचों ने साफ तौर पर कहा है कि विकास कार्यों के नाम पर राशि का आहरण तो कर लिया गया, लेकिन धरातल पर काम शून्य है। जब भी पंचों ने आय-व्यय का हिसाब मांगा, उन्हें टाल-मटोल का सामना करना पड़ा। लगातार मिल रही उपेक्षा और भ्रष्टाचार से तंग आकर पंचों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अविश्वास प्रस्ताव लाने का पत्र सौंपा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले पर संज्ञान लेते हुए आगे क्या कार्रवाई करता है और अविश्वास प्रस्ताव के लिए बैठक की तारीख कब तय होती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

