पानीपत। हरियाणा के पानीपत के कुलदीप नगर में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में ढाई साल के बच्चे की मौत हो गई। गली में खेल रहे मासूम को एक क्रेटा कार ने कुचल दिया। परिजनों के अनुसार, हादसे के वक्त कार का पहिया बच्चे की छाती के ऊपर से गुजर गया था। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों ने कार ड्राइवर को वहीं दबोच लिया। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
माता के पूजन के लिए कुलदीप नगर आया था परिवार
मृतक बच्चे की पहचान ढाई साल के ऋतिक के रूप में हुई है। परिजनों (चाचा अजय और दादा ज्ञानी नाथ) के मुताबिक, उनका परिवार मूलरूप से गांव गढ़ी सरनाई का रहने वाला है। रविवार को परिवार माता के पूजन के लिए कुलदीप नगर आया हुआ था। दोपहर करीब ढाई बजे ऋतिक गली में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था।
परिजनों का आरोपमोबाइल पर बात कर रहा था ड्राइवर
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि जब क्रेटा कार लेकर ड्राइवर गली में घुसा, तो वह मोबाइल पर बात कर रहा था। उसकी इसी लापरवाही के कारण गाड़ी मासूम को नहीं दिखाई दी और वह कार की चपेट में आ गया। परिजनों के मुताबिक, कार का पहिया ऋतिक की छाती के ऊपर से निकल गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि आसपास के लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने ड्राइवर को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

