पानीपत। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को पानीपत में पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा का संदेश दिया गया। पानीपत की मेयर कोमल सैनी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और मेयर कोमल सैनी ने शहर में 3100 पौधे लगाए। इस दौरान लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया गया।

नमो सेवा पोर्टल से जनसेवा से जुड़ने का मौका
कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि नमो सेवा पोर्टल के माध्यम से ऐसे लोग भी जनसेवा से जुड़ सकते हैं, जो सीधे तौर पर राजनीति में सक्रिय नहीं हैं, लेकिन समाज के लिए काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जनसेवा की भावना रखने वाले लोगों को इस पोर्टल के जरिए एक मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वह स्वयं आईएमए की सदस्य हैं और समाजसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यों में भाग लेती हैं। उनका कहना था कि समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों को जनसेवा से जोड़ना अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

स्वच्छता अभियान से जुड़ेंगे हजारों लोग

डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से करीब 3000 लोगों को अभियान से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए लोगों में स्वच्छता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

उद्योग और रोजगार को बढ़ावा देने पर जोर

हरियाणा के उद्योगपतियों को उत्तर प्रदेश में उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित किए जाने से जुड़े सवाल पर डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य ऐसी वस्तुओं का देश में उत्पादन बढ़ाना है, जिनका वर्तमान में विदेशों से आयात किया जाता है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत विभिन्न राज्यों की सरकारें उद्योग और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही हैं। देश में उत्पादन बढ़ने से उद्योगों के विस्तार के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ने की बात उन्होंने कही।
कार्यक्रम में कोमल सैनी, मेयर पानीपत और समाजसेवी नितिन अरोड़ा ने भी अपने विचार रखे।