इदरीश मोहम्मद, पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के एक थाने में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक भारी-भरकम सांप रेंगता हुआ नजर आया। इतने बड़े सांप को देखकर पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए और परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत स्थानीय सर्पमित्र और सरपंच को सूचना दी। सरपंच ने सफल रेस्क्यू कर सांप को जंगल में छोड़ दिया हैं।

यह पूरा मामला सिमरिया थाना परिसर का है। जहां एक 5 किलो वजनी और 10 फीट लंबा भारी-भरकम सांप रेंगता हुआ नजर आया। नजारा देख थाने में मौजूद पुलिस जवानों के होश उड़ गए। वहीं हेड कांस्टेबल सर्वेंद्र ने तुरंत स्थानीय सर्पमित्र और सिमरिया सरपंच महेंद्र ध्रुव को इसकी जानकारी दी। सरपंच बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद थाना परिसर के बाहर खड़े जप्त वाहन के अंदर से बेहद सुरक्षित तरीके से उस विशालकाय सांप को काबू में किया। इसके बाद पुलिस स्टाफ ने राहत की सांस ली।

ये भी पढ़ें: छात्रों को परोसा कीड़े वाला खाना, ‘शौर्य संकल्प प्रशिक्षण’ के दौरान छात्रावास में मचा हंगामा, Video Viral

सांप को पकड़ने के बाद सरपंच महेंद्र ध्रुव ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि, “यह जीव बिना जहर वाली प्रजाति का है, जो इंसानों को नुकसान नहीं पहुंचाता। हमें इन्हें मारने के बजाय सुरक्षित बचाना चाहिए।” बाद में सांप को घने जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। सरपंच के इस साहसिक कार्य की हर तरफ जमकर तारीफ हो रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m