अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले से सरकारी छात्रावासों में बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ कृपालपुर स्थित 100 सीटर पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास में भोजन की बेहद खराब गुणवत्ता को लेकर छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। खाने की थाली में कीड़े मिलने से भड़के छात्रों ने छात्रावास परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन और हंगामा किया।
ये भी पढ़ें: ‘बोतल में नही मिलेगा तेल’… इतना सुनते ही भड़के युवक, पंप कर्मचारी पर चप्पल और अग्निशमन यंत्र से हमला, मारपीट का वीडियो वायरल
थाली में मिले कीड़े, छात्रों ने बनाया वीडियो
जानकारी के अनुसार, छात्रावास में रह रहे छात्र ‘शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना’ के तहत आयोजित 45 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए यहाँ रुके हुए हैं। बुधवार को जब छात्रों को खाना परोसा गया, तो उसमें कीड़े रेंगते हुए मिले।

छात्रों का आरोप है कि यहां भोजन की गुणवत्ता लगातार खराब बनी हुई है। कई बार हॉस्टल प्रबंधन से इसकी शिकायत की गई, लेकिन व्यवस्थाओं में कोई सुधार नहीं किया गया। अंततः तंग आकर छात्रों ने कीड़े वाले खाने का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

स्वास्थ्य से खिलवाड़, प्रबंधन पर खड़े हुए सवाल
वीडियो सामने आने के बाद छात्रावास प्रबंधन और वेंडर की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्रों का कहना है कि भीषण गर्मी के इस मौसम में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की इस तरह अनदेखी करना उनके स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। दूषित खाना खाने से कोई भी छात्र गंभीर बीमारी का शिकार हो सकता है।

ये भी पढ़ें: ‘रन फॉर ओटीएफ’ मैराथन: जीतू पटवारी समेत कई कांग्रेसी हुए शामिल, वन टाइम फीस की मांग
अधिकारियों से जांच और कार्रवाई की मांग
हंगामे और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। छात्रों और उनके परिजनों ने संबंधित उच्च अधिकारियों से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और लापरवाह छात्रावास अधीक्षक व रसोईये के खिलाफ सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।


