इदरीश मोहम्मद, पन्ना। ​मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में सड़क किनारे बाउंड्रीवाल के खंभे से रस्सी के फंदे पर एक मजदूर का शव मिला। जिसके कपड़े भी सड़क किनारे रखे मिले थे। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस अब इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे किसी प्रकार की हत्या की साजिश है।

यह पूरा मामला कोतवाली थाना अंतर्गत पन्ना-अमानगंज घाटी के पास की है। मृतक के पिता फूल सिंह ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि गणपत (31) को करीब एक साल पहले केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत विस्थापन का साढ़े बारह लाख रुपये मुआवजा मिला था, जिसे उसने महज एक साल के भीतर ही जुआ और शराब जैसी बुरी आदतों में पूरी तरह उड़ा दिया था।

ये भी पढ़ें: एक ही परिवार के 5 लोगों ने की आत्महत्या: चार का घर पर मिला शव, मुखिया की रेलवे ट्रैक पर मिली लाश

पत्नी को लेने ससुराल गया था युवक

इसके अलावा गणपत पैर में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से भी ग्रसित था और कटनी में उसका इलाज चल रहा था, जिससे वह अत्यधिक मानसिक तनाव में रहता था। परिजनों के मुताबिक, मृतक एक नवंबर को बृजपुर स्थित अपनी ससुराल गया था और वहां से पत्नी को घर वापस लौटने की बात कहकर निकला था, जिसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में यह लाश बरामद हुई।

एक बेटा-एक बेटी

इस दर्दनाक घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और आठ साल का बेटा गोलू, छह साल की बेटी साजना अपने पिता की मौत के बाद अनाथ हो गए हैं, जबकि पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की गहराई से पड़ताल करने में जुटी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m