इदरीश मोहम्मद, पन्ना। मध्य प्रदेश का विश्वप्रसिद्ध और प्राकृतिक सुंदरता से सराबोर पर्यटन स्थल ‘बृहस्पति कुंड’ शनिवार को सैलानियों की गुंडागर्दी और दबंगई के कारण पूरी तरह शर्मसार हो गया। वीकेंड होने के कारण शनिवार को यहाँ पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी थी। इसी दौरान झरने के मुख्य व्यू-पॉइंट और ग्लास ब्रिज के समीप ‘पहले आगे जाने’ और फोटो खिंचाने की होड़ में मध्य प्रदेश के सतना और उत्तर प्रदेश के बांदा से आए युवकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते इस मामूली विवाद ने विकराल रूप ले लिया और व्यू-पॉइंट एक ‘अखाड़ा’ बन गया।

ये भी पढ़ें: सतना में बांध टूटा: दो-दो मंजिल तक भरा पानी, चारों तरफ मचा हाहाकार, नागौद थाना डूबा!

व्यू-पॉइंट पर जमकर चले लात-घूंसे, चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति

झड़ने के ठीक सामने दोनों पक्षों के युवकों ने आपा खो दिया और एक-दूसरे पर लात-घूंसों व थप्पड़ों की बौछार कर दी। सरेआम हुई इस हिंसक झड़प के दौरान व्यू-पॉइंट पर मौजूद महिलाओं, बच्चों और अन्य पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे परिसर में काफी देर तक भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित रही। कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाती इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी पर्यटक ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल, वायरल वीडियो से पहचान में जुटी पुलिस

पन्ना के इस बहुचर्चित ग्लास ब्रिज और बृहस्पति कुंड में हुई इस घटना ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी है। सप्ताहांत पर सैकड़ों सैलानियों की मौजूदगी के बावजूद मौके पर सुरक्षा का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं था और न ही कोई पुलिसकर्मी या गार्ड तैनात दिखा, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद नजर आए।

ये भी पढ़ें: MP में मूसलाधार बारिश: उफान पर नदियां, खोले गए बांधों के गेट; पन्ना में टापू बना गांव

स्थानीय निवासियों और नियमित पर्यटकों ने प्रशासन से बृहस्पति कुंड जैसे संवेदनशील पर्यटन स्थल पर स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है। मामले में बृजपुर थाना प्रभारी सोनम शर्मा का कहना है कि फिलहाल किसी भी पक्ष से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को संज्ञान में लिया गया है। पुलिस वीडियो के आधार पर उपद्रवी युवकों की पहचान कर उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m