इदरीश मोहम्मद, पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में गुरुवार की दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जहां खेत में बने 10-12 फीट गहरे बोरवेल में सिंचाई मोटर सुधारने उतरे पिता-पुत्र की जान चली गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। जहरीले गैस या करंट से मौत हुई है ? इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

यह पूरा मामला पवई थाना अंतर्गत ग्राम नारायणपुरा का है। ​मिली जानकारी के अनुसार, बोरवेल में पानी न आने के कारण पहले पुत्र अतुल वर्मन (30) नीचे उतरा था, जो उतरते ही अचानक अचेत हो गया। उसे बचाने के लिए पिता उजागर लाल वर्मन (55) भी नीचे उतरे, लेकिन वे भी मौके पर ही बेहोश हो गए। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों को शक हुआ, जिसके बाद ग्रामीणों और डायल-100 की मदद से दोनों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें: लगातार बारिश से रीवा में बाढ़ जैसे हालात, सड़कों पर उतरे कलेक्टर-SP! स्व-सहायता समूह बना पीड़ितों का मसीहा

​हादसे की मुख्य वजहों पर संशय बना हुआ है। परिजनों की आशंका है कि मोटर से फैले करंट की चपेट में आने से यह दुर्घटना हुई या फिर गड्ढे में ऑक्सीजन की कमी या दम घोटने वाली गैस के जमाव को भी संभावित कारण माना जा रहा है। ​पवई बीएमओ डॉ. सुरेश सोनी के अनुसार, दोनों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m