इदरीश मोहम्मद, पन्ना। पन्ना में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। देवेंद्रनगर और गुनौर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 6 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह रीवा और सतना जिले से संचालित हो रहा था। पुलिस ने इनके पास से 16 लाख 82 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है, जिसमें चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई अर्टिका कार, पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपी बेहद शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिनके खिलाफ पहले से भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। ये बदमाश दिन के समय गांवों और कस्बों में घूमकर सूने मकानों, दुकानों और निर्माणाधीन भवनों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के अंधेरे में पिकअप और कार से पहुंचकर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।

ये भी पढ़ें: ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार हुई महिला: UPI के जरिए मिनटों में खाते से उड़ाए 1 लाख रुपये, यूपीआई ID की जानकारी जुटा रही पुलिस

पूछताछ में आरोपियों ने कुल 10 चोरियों की बात कबूल की है। पुलिस ने इनके कब्जे से 30 नग प्लाई, 20 बोरी गेहूं, 04 बोरी चावल, नकदी और चोरी में इस्तेमाल तीनों वाहन जब्त कर लिए हैं। पन्ना एसपी के निर्देशन में सायबर सेल और स्थानीय पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की मदद से इस पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m