इदरीश मोहम्मद, पन्ना। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई से एक बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सफाई कर्मचारी ने ड्यूटी पर तैनात महिला नर्सिंग ऑफिसर को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना के विरोध में अस्पताल की सभी महिला स्वास्थ्य कर्मियों और एएनएम (ANM) ने काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है, जिससे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। 

यह घटना शुक्रवार (10 जुलाई) रात की है। डिलीवरी के बाद जब ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग ऑफिसर सुमन प्रजापति ने सफाई कर्मचारी मनोज वाल्मीकि को आवाज दी, तो वह भड़क गया। आरोपी ने न केवल गाली-गलौज की बल्कि मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए नर्सिंग ऑफिसर पर हाथ उठा दिया।

स्टाफ का आरोप है कि आरोपी कर्मचारी आए दिन धमकी देता रहता था। घटना से आक्रोशित महिला कर्मियों ने खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) को ज्ञापन सौंपकर आरोपी को तुरंत हटाने की मांग की है। वहीं, बीएमओ डॉ. सुशील सोनी ने बताया कि आरोपी आउटसोर्स कंपनी का कर्मचारी है और उसे हटाने के लिए कंपनी को पत्र लिखा जा रहा है, साथ ही सख्त दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। जब तक कार्रवाई नहीं होती, तब तक स्वास्थ्य कर्मी काम पर लौटने को तैयार नहीं हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m