इदरीश मोहमद, पन्ना। पन्ना शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि आम नागरिकों का घर से निकलना भी दूभर हो गया है। आज जिला चिकित्सालय में महज दो घंटे के भीतर विभिन्न घटनाओं में घायल हुए एक दर्जन से ज्यादा लोग इलाज के लिए पहुंचे, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इन बढ़ते मामलों ने स्थानीय प्रशासन और पालकों की नींद उड़ा दी है।
घटित हुई इन वीभत्स घटनाओं में कई लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। बरेडा गांव के 76 वर्षीय बुजुर्ग किसान ठाकुरदीन मिश्रा जब अपने घर के बाहर धूप में बैठे थे, तब एक उग्र कुत्ते ने उन पर अचानक हमला कर उनके सीधे हाथ का अंगूठा काटकर अलग कर दिया। इसी तरह बृजपुर निवासी रेशमा कोरी (11) और कलदा गांव में शौच के लिए जा रही रागनी वर्मा (11) व उनकी बहन प्रियांशु वर्मा को भी आवारा कुत्तों ने अपना निशाना बनाया।
ये भी पढ़ें: जंगल सिमटे तो गांवों की ओर बढ़े वन्यजीव: शहडोल में हाथियों के झुंड और भालू की दस्तक से दहशत, सुरक्षा में कई गांवों की बिजली बंद
इतना ही नहीं बड़गड़ी गांव के आर्यन चौकीदार (14), उनकी दादी सुचित्रा चौकीदार और दादा सुजीत चौकीदार पर भी कुत्ते ने ताबड़तोड़ हमले कर बुरी तरह घायल कर दिया। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. राहुल यादव ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान महज दो घंटे में 10 से 12 मरीज पहुंचे, जिनमें से दो-तीन की हालत बेहद गंभीर थी। डॉक्टरों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार करने के साथ गंभीर मरीजों के माइनर ऑपरेशन किए हैं।
आवारा कुत्तों की आक्रामक प्रवृत्ति और अज्ञात स्थिति के कारण रेबीज के खतरे की आशंका बनी हुई है, जिससे चिकित्सकों ने परिजनों को पूरी सावधानी बरतने की सख्त सलाह दी है। इस लगातार बढ़ते खतरे के बाद से स्थानीय नागरिकों में भारी रोष और डर का माहौल देखा जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

