अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शासकीय बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज में सड़क हादसे में घायल मरीज के परिजनों से इलाज की गुहार लगाने पर स्टाफ द्वारा अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। घटनाक्रम का वीडियो बना रहे परिजनों का मोबाइल छीनने और धक्का-मुक्की करने के आरोप भी लगे हैं। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित ने थाने में शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
टोल प्लाजा के पास कार ने टक्कर मार दी
उमरिया जिले के सलैया निवासी संजय यादव साथी के साथ बाइक से बहन की शादी के कार्ड बांटने ससुराल जा रहे थे। हर्री टोल प्लाजा के पास कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों उन्हें तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए। वार्ड नंबर 8 में उनका उपचार चल रहा था, बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान संजय की हालत बिगड़ने लगी और अधिक ब्लीडिंग होने लगी। इस पर उनकी सास सावित्री ने स्टाफ से जल्द उपचार की गुहार लगाई, आरोप है कि इसी दौरान स्टाफ ने मदद के बजाय परिजनों से बहस करते हुए अभद्र व्यवहार किया।
धक्का-मुक्की की और मोबाइल छीनने का प्रयास
घटना के दौरान मौजूद संजय के साले शिवा ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड करना शुरू किया, जिससे नाराज मेडिकल स्टाफ ने कथित रूप से उसके साथ धक्का-मुक्की की और मोबाइल छीनने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड पर भी अभद्रता के आरोप लगे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे मेडिकल कॉलेज की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित ने सोहागपुर थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
महिला श्रमिकों ने कंपनी के खिलाफ खोला मोर्चाः न्यूनतम मजदूरी की मांग को लेकर किया विरोध प्रदर्शन

