कुंदन कुमार/पटना। बिहार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग में आज एक उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। विभाग के मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने आज पटना स्थित मुख्यालय में एक विशेष समारोह के दौरान 9 नवनियुक्त संग्रहालय सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में नवागंतुक कर्मियों का स्वागत किया गया।

​रिक्तियों को भरने की प्रतिबद्धता

​नियुक्ति पत्र सौंपने के बाद अपने संबोधन में मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि कला और संस्कृति हमारे राज्य की पहचान है और इसे सहेजने के लिए योग्य हाथों की आवश्यकता है। विभाग में वर्तमान में मौजूद सभी रिक्त पदों को चिन्हित कर लिया गया है और बहुत जल्द पारदर्शी तरीके से उन पर भी नियुक्तिया की जाएंगी। मंत्री ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को बधाई देते हुए उन्हें पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

​अभ्यर्थियों में दिखा उत्साह

​लंबे इंतजार के बाद मिली इस सफलता से अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे। उल्लेखनीय है कि इन पदों के लिए बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की गई थी। नियुक्ति पत्र लेने पहुंचे अभ्यर्थियों ने साझा किया कि प्रक्रिया पूरी होने में काफी विलंब हुआ जिससे वे थोड़े चिंतित जरूर थे लेकिन आज नियुक्ति पत्र हाथ में मिलने के बाद सभी कष्ट दूर हो गए हैं।
​एक अभ्यर्थी ने भावुक होते हुए कहा आज हम बहुत खुश हैं। सरकार ने अंततः हमारी सुधि ली है। हम संग्रहालय सहायक के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। सरकार ने जो विश्वास हम पर जताया है हम उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे और संग्रहालयों के संरक्षण तथा प्रबंधन में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे।
​यह भर्ती बिहार के संग्रहालयों के संचालन को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। नवागंतुक अब बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को डिजिटल और भौतिक रूप से संवारने में अपनी भूमिका निभाएंगे।