कुंदन कुमार, पटना। जिले के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और मातम का माहौल है। पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग इस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गया है।
कैसे हुई घटना?
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना बाढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेढ़ना गांव की है। ग्रामीणों ने बताया कि रविवार को सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच गांव के ही चार युवक एक साथ बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे। शराब पीने के कुछ ही समय बाद अचानक चारों की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। देखते ही देखते उनके मुंह से झाग निकलने लगा और वे अहोश जैसी स्थिति में पहुंच गए। हालांकि किसी भी विभाग ने अभी जहरीली शराब से मौत की पुष्टि नहीं की है।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
युवकों की गंभीर हालत को देखकर परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उन्हें बाढ़ के एक स्थानीय निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जिसके बाद उन्हें बाढ़ के अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. श्रेया शेखर ने बताया कि पहले तीन युवकों को अस्पताल लाया गया था, जिनके मुंह से झाग निकल रहा था। कुछ देर बाद चौथे युवक को भी गंभीर हालत में लाया गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों की नाज़ुक स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत पटना के पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर पीएमसीएच पहुंचे, जहां इलाज के दौरान एक-एक कर चारों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान
इस दुखद हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवकों की पहचान बेढ़ना गांव के रहने वाले लोगों के रूप में हुई है:
- शशि कुमार (आयु 32 वर्ष)
- विकास राम (आयु 40 वर्ष)
- पंकज सिंह (आयु 45 वर्ष)
- निशु कुमार (आयु 30 वर्ष)
घटनास्थल से मिले साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंच गया। जांच के दौरान घटनास्थल से शराब की खाली बोतलें, स्नैक्स और प्लास्टिक के गिलासों में बने पैग बरामद किए गए जाने की ख़बर हैं। इसके अलावा मौके से ‘फ्रूटी’ शैली में आने वाली शराब का खाली डिब्बा भी मिला है, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि इस तरह के पैकिंग का इस्तेमाल कर अवैध शराब परोसी गई थी।
पुलिस का बयान और आगे की कार्रवाई
ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि पुलिस ने चारों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का आधिकारिक रूप से खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस इस अवैध धंधे में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कह रही है। इस घटना ने एक बार फिर से राज्य में शराबबंदी के बावजूद धड़ल्ले से बिक रही जहरीली और अवैध शराब की पोल खोल दी है, जिससे कई हंसते-खेलते परिवार उजड़ रहे हैं। बाढ़ अनुमंडलीय डीएसपी आयुष श्रीवास्तव ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच कर साक्ष्य संकलन कराने के लिए एफएसएल की टीम को बुला मामले की जांच कर स्पष्ट कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।


