पटना। राजधानी में बीते दिनों सामने आए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। 13 मई को गर्दनीबाग थाना क्षेत्र स्थित रेलवे ट्रैक के पास तीन टुकड़ों में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। घटना के 20 दिन बाद पुलिस ने आज कौशल नगर के पास स्थित एक नाले से मृतक का कटा हुआ सिर बरामद कर लिया है। मृतक की पहचान कौशल नगर निवासी चंदन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया है।

​अवैध संबंधों ने ली जान, साजिश रचकर की हत्या

​पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपी छोटू कुमार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने खुलासा किया कि उसकी पत्नी खुशबू रानी और मृतक चंदन के बीच अवैध प्रेम संबंध थे। इस बात से नाराज होकर उसने अपने दोस्त अमित उर्फ दिलावर के साथ मिलकर चंदन को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची।
​पुलिस के अनुसार घटना के दिन अमित चंदन को घर से बुलाकर एक मैदान में ले गया जहां छोटू पहले से मौजूद था। दोनों ने मिलकर धारदार हथियार से चंदन की गला रेतकर हत्या कर दी। पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उन्होंने शव के टुकड़े किए, धड़ को रेलवे लाइन के पास फेंक दिया और सिर को काट कर नाले में डाल दिया।

​ऐसे खुला राज, परिजनों ने किया था प्रदर्शन

​मामले की शुरुआत में पुलिस ने अज्ञात शव मिलने पर यूडी केस दर्ज किया था। बाद में शव की शिनाख्त और परिजनों के आरोपों के आधार पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले छोटू की पत्नी खुशबू रानी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर ही पुलिस ने मुख्य आरोपी छोटू और उसके सहयोगी अमित को दबोचा।
​गौरतलब है कि चंदन के लापता होने के बाद परिजन काफी परेशान थे। चंदन के दादा खीरी राय ने बताया कि वह अपनी मां से 200 रुपये लेकर निकला था, लेकिन घर वापस नहीं लौटा। जब रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मिली, तो परिजनों और स्थानीय लोगों ने अपनी नाराजगी जताने के लिए फुलवारी-अनीसाबाद मुख्य सड़क को जाम कर दिया था। प्रदर्शनकारी लगातार सिर की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। फिलहाल, पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके।