पटना। धनतेरस और दीपावली के मौके पर पटना के प्रमुख बाजारों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए हैं। 6 और 7 नवंबर 2026 को राजधानी के कई मुख्य मार्गों पर वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित तथा डायवर्ट किया गया है। हालांकि, आम लोगों की आपातकालीन सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए एंबुलेंस, मरीज वाहन, अग्निशमन सेवा और शव वाहनों को इन सभी प्रतिबंधों से पूरी तरह मुक्त रखा गया है।

​सिटी सेंटर मॉल और बुद्ध मार्ग के लिए वन-वे व्यवस्था

ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए छज्जूबाग मोड़ से सिटी सेंटर मॉल जाने वाले मार्ग को वन-वे घोषित किया गया है। बुद्ध मार्ग में कोतवाली की तरफ से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को छज्जूबाग की ओर जाने की इजाजत दी गई है। इसके अलावा, सिटी सेंटर मॉल और ताज होटल की पार्किंग से निकलने वाली गाड़ियों को केवल बाएं मुड़ने की अनुमति होगी, जहां से वे नवीन पुलिस केंद्र होकर अशोक राजपथ या मरीन ड्राइव (जेपी गंगा पथ) की ओर निकल सकेंगे। वहीं, अशोक राजपथ से मॉल जाने वाले वाहन नवीन पुलिस केंद्र के गेट नंबर-1 से बैंक रोड होते हुए प्रवेश कर सकेंगे।

​प्रमुख बाजारों में नो-एंट्री

खरीददारों की सुविधा के लिए जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) पर छोटी चारपहिया गाड़ियों के लिए विशेष पार्किंग स्थल बनाया गया है। दीघा गोलंबर से एलसीटी घाट तक सड़क की एक लेन को पूरी तरह से पार्किंग के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। खेतान मार्केट और चूड़ी मार्केट जैसे घनी आबादी वाले व्यापारिक क्षेत्रों में दोपहिया और चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर सख्त पाबंदी रहेगी, जिससे पैदल चलने वाले खरीदारों को सहूलियत मिले।
​यातायात पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे त्यौहारों के दौरान निर्धारित मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, ताकि शहर में जाम की स्थिति न बने और उत्सव का माहौल सुरक्षित बना रहे।