पटना। दुर्गापूजा और दशहरा के त्यौहार को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। यह नई व्यवस्था 17 अक्टूबर 2026 की दोपहर 3 बजे से लागू होकर 20 अक्टूबर की रात 10 बजे तक (या स्थिति सामान्य होने तक) प्रभावी रहेगी। हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, शव वाहन और पासधारक गाड़ियों को इन प्रतिबंधों से पूरी छूट दी गई है।
सगुना मोड़, राजाबाजार और बेली रोड का नया रूट
- सगुना मोड़ से पटना एयरपोर्ट: वाहन रुकनपुरा, राजाबाजार ओवरब्रिज के नीचे, जगदेव पथ और बीएमपी के रास्ते एयरपोर्ट जा सकेंगे।
- सगुना मोड़ से हड़ताली मोड़ व आयकर गोलंबर: गाड़ियां रुकनपुरा से सीधे राजाबाजार फ्लाईओवर के ऊपर से गुजरेंगी।
- सगुना मोड़ से दीघा व पाटलिपुत्र: आशियाना मोड़ से बाएं मुड़कर आशियाना-दीघा रोड का इस्तेमाल करना होगा।
- हड़ताली चौक से सगुना मोड़: वाहन राजवंशीनगर, चिड़ियाखाना और बेली रोड फ्लाईओवर के ऊपर से होकर निकलेंगे।
राजीव नगर और दीघा से जाने वालों के लिए रास्ते
- दीघा/राजीव नगर से हड़ताली चौक: आशियाना-दीघा रोड से राजीव नगर नाला रोड, केशरी नगर और राजीव नगर आरओबी के नीचे से अटल पथ होकर जा सकते हैं। दूसरा विकल्प रामनगरी मोड़, फ्रेंड्स कॉलोनी, एजी कॉलोनी, आईजीआईएमएस के बगल और जेडी विमेंस कॉलेज से बेली रोड का है।
- दीघा/राजीव नगर से सगुना मोड़: पासपोर्ट ऑफिस से मौर्या पथ, अंबेडकर पथ और बेली रोड का रास्ता चुनें।
- दीघा/राजीव नगर से एयरपोर्ट: राजीव नगर नाला रोड, केशरी नगर, राजीव नगर आरओबी के नीचे और अटल पथ से जा सकेंगे।
डुमरा टीओपी से आवाजाही के नियम
- डुमरा टीओपी से सगुना मोड़: छोटी गाड़ियां डुमरा टीओपी से बाएं मुड़कर एयरपोर्ट, बीआईटी, फुलवारीशरीफ या जगदेव पथ की तरफ जा सकती हैं।
- डुमरा टीओपी से दीघा व एजी कॉलोनी: बेली रोड पिलर नंबर 91 से दाएं यू-टर्न लेकर जेडी विमेंस कॉलेज, आईजीआईएमएस के बगल और एजी कॉलोनी रोड से आशियाना-दीघा रोड जा सकते हैं।
भारी वाहनों और मालवाहकों पर पूरी तरह रोक
17 से 20 अक्टूबर के बीच पटना नगर निगम क्षेत्र में ट्रक, बस, ट्रैक्टर और टाटा 407 जैसे सभी व्यावसायिक व यात्री वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। 21 अक्टूबर तक मेट्रो और अन्य निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों पर भी पाबंदी लागू रहेगी।
दानापुर से अशोक राजपथ की तरफ बड़े वाहन नहीं जा सकेंगे, वे दानापुर कैंट से सगुना मोड़ होकर खगौल की ओर जाएंगे। वहीं दानापुर स्टेशन से बिहटा जाने वाले भारी वाहनों को नेउरा के रास्ते भेजा जाएगा।

