कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना में आज बुधवार (14, अक्टूबर) की सुबह-सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में पुलिस की गोली से एक अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए पीएमएसीएच भेजा गया है। घायल बदमाश की पहचान कुख्यात अपराधी शुभम उर्फ झामो के रूप में हुई है। पूरा मामला फतुहा थाना क्षेत्र स्थित NH 30 हाइवे के किनारे की है, जहां कुख्यात शुभम और पुलिस के बीच यह मुठभेड़ हुई।
बदमाश के पैर में लगी गोली
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को उसके इलाके में मौजूद होने की सूचना मिली थी, जिसके पुलिस और एसटीएफ की टीम शुभम उर्फ झामो को गिरफ्तार करने के लिए उसका पीछा कर रही थी। इस दौरान फतुहा थाना क्षेत्र में फोरलेन के पास पुलिस को देखते ही उसने फायरिंग करनी शुरू कर दी। जवाब में पुलिस और एसटीएफ की टीम ने भी गोलियां चलाईं।
इस दौरान पैर में पुलिस की गोली लगते ही शुभम घायल होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए पीएमएसीएच लेकर पहुंची। घायल बदमाश आलमगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
इलाके में थी शुभम उर्फ झामो की दहशत
पुलिस के लिए इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। शुभम उर्फ झामो को इलाके का कुख्यात अपराधी बताया जा रहा है। पुलिस अब इसके आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह फोरलेन के पास किस मकसद से मौजूद था और क्या उसके साथ कोई अन्य अपराधी भी था।
आपराधिक नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
मुठभेड़ में घायल शुभम को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां वह पुलिस की निगरानी में है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान उसके आपराधिक नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है। साथ ही, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं में उसकी कोई भूमिका रही है या नहीं।
फिलहाल, पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें- वैशाली नाव हादसा: CM सम्राट, तेजस्वी और PM मोदी ने जताया दुख, 6 लाख मुआवजे का ऐलान

