पटना (फतुहा): बिहार के पटना जिले के फतुहा में सड़क हादसे के बाद इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां कंचनपुर गांव के पास दो ट्रकों की जोरदार टक्कर के बाद लोग घायलों की मदद करने के बजाय कोल्ड ड्रिंक लूटने में मशगूल हो गए। यह पूरी घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
क्या है पूरा मामला?
शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से कोल्ड ड्रिंक लादकर आ रहा एक ट्रक पटना के फतुहा की ओर जा रहा था। इसी दौरान कंचनपुर गांव के समीप सामने से आ रहे एक अन्य ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरे। ट्रक में करीब 18 टन कोल्ड ड्रिंक लदी हुई थी, जिसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है।
मदद के बजाय लूटपाट की होड़
दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। ट्रक के पलटने से कोल्ड ड्रिंक की हजारों बोतलें सड़क और गड्ढों में बिखर गई थीं। घायलों की चीख-पुकार के बीच भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने मानवीय संवेदनाओं को ताक पर रख दिया। लोग घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बजाय कोल्ड ड्रिंक की बोतलें बटोरने में जुट गए। देखते ही देखते जिसे जो मिला बोरी, झोला या हाथों में भरकर लोग कोल्ड ड्रिंक लेकर रफूचक्कर हो गए। कुछ ही देर में पूरा ट्रक खाली हो गया।
इलाज जारी, पुलिस ने शुरू की पहचान
हादसे में ट्रक चालक प्रवीण यादव और उसका खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत रही कि कुछ संवेदनशील स्थानीय लोगों ने समय रहते साहस दिखाते हुए उन्हें मलबे से बाहर निकाला और पास के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया।
फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है।
सूचना पाकर फतुहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को गड्ढे से निकलवाकर हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया। थाना प्रभारी श्रीमंत सुमन ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर लूटपाट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर समाज में बढ़ती संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल खड़े करती है, जहां लोग संकट की घड़ी में भी अपनी स्वार्थ सिद्धि को प्राथमिकता देने से नहीं कतराते।

