कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना के मिलर हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय भव्य ‘कृष्ण उत्सव’ का समापन समारोह बेहद उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस गरिमामयी समारोह में केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ मंच पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और मंत्री संजय टाइगर ने भी विशेष रूप से शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान शहर के गणमान्य लोगों और भारी संख्या में पहुंचे कला प्रेमियों ने इस सांस्कृतिक महाकुंभ का आनंद लिया।
सांसद शांभवी चौधरी ने किया जोरदार स्वागत
मिलर हाई स्कूल ग्राउंड पहुंचने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत युवा और ऊर्जावान सांसद शांभवी चौधरी ने पुष्पगुच्छ और अंग वस्त्र भेंट कर किया। इस दौरान स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी गर्मजोशी के साथ सभी आगत अतिथियों का अभिनंदन किया। स्वागत समारोह के बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम के औपचारिक समापन सत्र की शुरुआत की।
तीन दिवसीय उत्सव की शानदार विदाई
विगत तीन दिनों से मिलर हाई स्कूल के प्रांगण में चल रहे इस कृष्ण उत्सव ने पूरे पटना शहर को भक्तिमय बना दिया था। समापन समारोह के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक दलों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित मनमोहक नृत्य-नाटिकाएं और प्रस्तुतियां दी गईं। आयोजकों का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध संस्कृति और सनातन परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों को सम्मानित भी किया गया।



