कुंदन कुमार, पटना। बिहार की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के हालिया बयानों पर बेहद तीखा पलटवार किया है। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि संजय झा जैसे नेताओं की वजह से ही आज जेडीयू की यह स्थिति हुई है और उन्होंने पार्टी को भीतर से कमजोर करने का काम किया है।
​राजधानी पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि आज नीतीश कुमार की जो राजनीतिक स्थिति है, वह किसी से छिपी नहीं है और पार्टी के भीतर क्या कुछ चल रहा है, सब जानते हैं। तेजस्वी ने संजय झा की पृष्ठभूमि पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के साथ जुड़े रहे और बाद में जेडीयू में आए। उनके मुताबिक, ऐसे नेताओं के आने से ही जेडीयू को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

​बिहार मेरी जन्मभूमि और कर्मभूमि

​संजय झा के द्वारा दिए गए एनआरआई राजनेता वाले बयान पर तेजस्वी यादव ने कड़ा एतराज जताया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह पूरी तरह से बिहारी हैं और बिहार ही उनकी जन्मभूमि के साथ-साथ कर्मभूमि भी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के सवालों से घबराई हुई सत्ताधारी पार्टी के नेता अब इस तरह के अमर्यादित और व्यक्तिगत बयानबाजी पर उतर आए हैं, जिनका जनता की असल समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है।

​बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा

​बयानबाजी के इस सियासी संग्राम के बीच तेजस्वी यादव अपने विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के लिए सड़क पर उतरे। उन्होंने बाढ़ की विभीषिका झेल रहे लोगों के बीच पहुंचकर सीधे संवाद किया और उनकी परेशानियों को बहुत करीब से सुना।
​दौरे के दौरान लोगों की समस्याएं जानने के बाद तेजस्वी यादव ने आश्वासन दिया कि वह इस आपदा की घड़ी में जनता के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि वह इन तमाम समस्याओं और जमीनी हकीकत को लेकर अब सीधे तौर पर सरकार और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत करेंगे ताकि पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द उचित राहत और सहायता पहुंचाई जा सके।