कुंदन कुमार, पटना। वाम दलों और विभिन्न छात्र संगठनों द्वारा आयोजित प्रदर्शन को देखते हुए पटना पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। राजधानी के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में केपी गोलंबर पर सुबह से ही भारी संख्या में पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

केपी गोलंबर पर पुलिस तैनात
ताजा स्थिति के अनुसार, केपी गोलंबर पर पुलिस बल पूरी मुस्तैदी से डटा हुआ है। हालांकि, अभी तक प्रदर्शनकारी मौके पर नहीं पहुंचे हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम हर हलचल पर पैनी नजर बनाए हुए है। आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अनहोनी या अचानक जुटने वाली भीड़ से निपटा जा सके।
जगह-जगह बैरिकेडिंग
पटना पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए शहर के कई मुख्य मार्गों पर मजबूत बैरिकेडिंग की है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित रखना और आम जनता को होने वाली परेशानी से बचाना है। जगह-जगह सुरक्षा बल तैनात रहने के कारण कुछ रास्तों पर गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें और आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

