पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र से एक बड़ी और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। शनिवार की रात मनेर थाने के मुख्य गेट के ठीक सामने बाइक सवार तीन अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से एक राउंड हवाई फायरिंग की और मौके से दानापुर की ओर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के चलते अपराधी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।
फिल्मी अंदाज में पीछा कर 30 मिनट में पकड़ा
वारणसी-दानापुर मार्ग पर स्थित थाने के सामने गोलीबारी की आवाज सुनते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बिना देर किए मनेर थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए अपराधियों का पीछा करना शुरू किया। लगभग 12 किलोमीटर दूर छितनावां नई सड़क के पास पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों बदमाशों को घटना के महज 30 मिनट के भीतर धर दबोचा।

हथियार और बाइक बरामद, भेजे गए जेल
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गौतम कुमार, गोविंद कुमार और गोलू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये सभी इलाके में अपनी दहशत कायम करने के लिए इस तरह की आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

