पटना। शहर के फुलवारी शरीफ इलाके में शनिवार शाम नया टोला क्षेत्र में शराब के नशे में धुत एक कार चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान अनियंत्रित स्विफ्ट डिजायर कार ने सड़क पर चल रहे कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया और एक दुकान में घुसने का प्रयास किया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद आक्रोशित भीड़ ने कार सवार दोनों युवकों को पकड़कर उनकी जमकर पिटाई कर दी और वाहन में भी भारी तोड़फोड़ की।

​थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुआ हादसा

​यह पूरी घटना शहीद भगत सिंह चौक और फुलवारी शरीफ थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर घटी। शाम के समय इस व्यस्त इलाके में भारी भीड़भाड़ रहती है। अचानक तेज रफ्तार कार के बेकाबू होने से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नया टोला में एक बिस्कुट की दुकान के पास कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और एक के बाद एक कई गाड़ियों को टक्कर मार दी।

​भागने की कोशिश पर भड़की भीड़, उतारे कपड़े

​घटना के बाद जब कार चालक ने वहां से भागने की कोशिश की, तो स्थानीय लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उग्र भीड़ ने कार को घेर लिया और उसमें सवार दोनों युवकों को बाहर खींच लिया। इसके बाद उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। भीड़ के गुस्से का आलम यह था कि पीटते-पीटते उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए, जिससे दोनों युवक अर्धनग्न अवस्था में आ गए। लोगों ने गुस्से में आकर कार में भी तोड़फोड़ की और शीशे तोड़ डाले।

पुलिसकर्मियों से भी की हाथापाई

हंगामे की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर दोनों युवकों को उग्र भीड़ के चंगुल से छुड़ाने की कोशिश की। इस दौरान नशे में धुत कार चालक ने पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई की और दोबारा भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और फुलवारी शरीफ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। इस हंगामे के कारण काफी देर तक सड़क पर भारी भीड़ का जमावड़ा लगा रहा।

​पुलिस की गिरफ्त में आरोपी, जांच जारी

​फुलवारी शरीफ थाना प्रभारी गुलाम शाहबाज आलम ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कार में टमटम पड़ाव निवासी रविंद्र कुमार का बेटा रंजीत कुमार और बिड़ला कॉलोनी निवासी घनश्याम चौहान का बेटा रंजीत चौहान सवार थे। प्रारंभिक जांच में दोनों के अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हादसे में कुल कितने वाहनों को नुकसान पहुंचा है और आरोपियों के खिलाफ किन-किन धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही किया जाएगा।