कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना में दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ का फायदा उठाने वाले बदमाशों, चेन स्नेचर, मनचलों और स्टंट बाजी करने वाले बाइकर्स गैंग पर शिकंजा कसने की पूरी तैयारी पटना पुलिस ने कर ली है। इसके लिए संवेदनशील इलाकों में सादे ड्रेस में महिला और पुरुष जवानों की तैनाती होगी। पूजा के नाम पर सड़कों या बाजारों में जबरन चंदा वसूलने बालों पर भी पटना पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी।

सभी थानाध्यक्षों को निर्देश जारी

एस एसपी कार्तिकेय शर्मा ने इस बाबत सभी थानेदार को निर्देश जारी कर दिया है। सभी थानेदारों को अपने इलाके में पूजा पंडाल की सूची तुरंत फाइनल करने और शांति समितियां की बैठक करने का निर्देश भी दिया गया है। साथ ही हर पंडाल में पुलिस अधिकारियों के साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती रहेगी।

इसके साथ-साथ पटना पुलिस ने गांधी मैदान में आयोजित होने वाले विजयदशमी पर रावण वध कार्यक्रम के दौरान होने वाली भारी भीड़ कोदेखते हुए ट्रैफिक के संचालन का भी डायवर्सन को लागू करने की बात कही है।

अर्धसैनिक बल के 450 जवान भी तैनात

एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि पूजा के दौरान पूजा पंडाल और संवेदनशील जगहों पर स्थानीय पुलिस के साथ ही अर्धसैनिक बल के 450 जवान तैनात किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरे से भी अपराधियों पर नजर रखी जाएगी। वहीं, शहर की सीमाओं पर नजर रखी जा रही है।

दुर्गापूजा के दौरान शहर में शांति बनी रहे, इसके लिए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। बदमाशों की धर-पकड़ को वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- ’40 हजार जवानों की तैनाती ने सब बता दिया’, CJP के जंतर-मंतर प्रोटेस्ट पर PK का बड़ा बयान