Prashant Kishor: जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन को लेकर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सरकार पर निशाना साधा है। मीडिया से बातचीत में पीके ने कहा कि प्रदर्शन को रोकने के लिए 40 हजार पैरामिलिट्री जवानों को सड़क पर उतारना पड़ा। उनके मुताबिक, इतनी बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती से पता चलता है कि प्रदर्शन कितना प्रभावशाली रहा और सरकार इससे कितनी चिंतित थी।
प्रशांत किशोर ने कहा कि, प्रदर्शन में कितने लोग शामिल हुए, इसकी गिनती से ज्यादा अहम यह है कि इसे रोकने के लिए सरकार को कितनी बड़ी तैयारी करनी पड़ी। उन्होंने दावा किया कि 40 हजार पैरामिलिट्री जवानों की तैनाती प्रदर्शन की सफलता को दिखाती है।
हिरासत में 7 हजार से अधिक लोग
गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आयोजन किया जाना था। इसमें देशभर से लोगों के शामिल होने की बात कही गई थी। हालांकि, प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में ले लिया। खबर के मुताबिक, 7 हजार से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें देर रात रिहा कर दिया गया।
‘बेरोजगार होने वाले हैं नीरज कुमार’
इस दौरान प्रशांत किशोर ने बिहार एमएलसी चुनाव में जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के विरोधियों के बुखार छुड़ा देने वाले बयान पर कहा कि, नीरज कुमार अब बेरोजगार होने वाले हैं और वह डॉक्टर तो बन नहीं सकते। साथ ही पीके ने चेतावनी दी कि अगर नीरज कुमार ने उनके खिलाफ कोई और बयान दिया, तो वह पिछले एक से डेढ़ साल के दौरान जेडीयू के नेताओं से जुड़ी जानकारी और कथित पेपर लीक से संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक कर देंगे।
NDA की समन्वय बैठक पर भी कसा तंज
एनडीए की समन्वय बैठक को लेकर भी प्रशांत किशोर ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जिस तरह बांकीपुर में 480 नेताओं की बैठक से घबराहट दिखाई दी थी, उसी तरह विधान परिषद चुनाव को लेकर भी एनडीए में बेचैनी है। पीके ने कहा कि एनडीए चाहे विधानमंडल की बैठक बुलाए या विधान परिषद से जुड़ी बैठक करे, शिक्षक और स्नातक मतदाता अपना मन बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि, बिहार के पढ़े-लिखे शिक्षक-स्नातक मतदाता 7वीं फेल CM के उम्मीदवारों को हराने का मन बना चुके हैं.
सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जन सुराज
बांकीपुर उपचुनाव में मिली जीत से उत्साहित जन सुराज ने भी सभी 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। जन सुराज ने बिहार एमएलसी चुनाव के लिए पटना स्नातक से डॉ. अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से डॉ विमोहन और तिरहुत शिक्षक से श्यामनंद यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, दरभंगा शिक्षक सीट से एसपी राय, दरभंगा स्नातक सीट से रवींद्र यादव और सारण शिक्षक सीट से अफाक अहमद को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, पटना शिक्षक सीट से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया है।
ये भी पढ़ें- नवरात्रि पर CM सम्राट और तेजस्वी ने दी बधाई, बिहारवासियों के लिए की सुख-समृद्धि की कामना

