कुंदन कुमार, पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के मुख्य प्रवक्ता एजाज अहमद ने केंद्र और राज्य सरकारों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश का नौजवान अब पूरी तरह समझ चुका है कि चुनावों में वोट चोरी हुई है और इसी के बल पर केंद्र समेत कई राज्यों में सरकारें बनाई गई हैं। इस चुनावी धांधली को लेकर देश भर के युवाओं में भारी आक्रोश है और वे सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

​तानाशाही रवैये से आवाज दबाने का आरोप

​एजाज अहमद ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने वाले युवाओं की आवाज को कुचलना चाहती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली से लेकर पटना तक सुरक्षा के इतने व्यापक और कड़े इंतजाम इसलिए किए गए हैं, ताकि युवाओं को प्रदर्शन करने से रोका जा सके। यह युवाओं के लोकतांत्रिक और मौलिक अधिकारों का सीधा हनन है।

​लोकतंत्र में अधिकार छीनने की कोशिश

​RJD प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण तरीके से मांग उठाने का अधिकार प्राप्त है, जिसे तानाशाही रवैये से छीना जा रहा है। देश भर में पुलिस बल और धौंस दिखाकर युवाओं की आवाज़ को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जो कि सरासर गलत है।

​जब-जब मोदी डरता है, पुलिस आगे करता है

​उन्होंने युवाओं के प्रचलित नारे का जिक्र करते हुए कहा कि आज की स्थिति में यह नारा बिल्कुल सटीक बैठता है जब-जब मोदी डरता है, पुलिस को आगे करता है। एजाज अहमद ने चेतावनी दी कि पुलिसिया बल के दम पर जन-आक्रोश को लंबे समय तक नहीं दबाया जा सकता।

​चुनाव आयोग में बदलाव की मांग

​RJD नेता ने स्पष्ट किया कि सरकार को युवाओं को उनके अधिकार देने ही होंगे और निष्पक्ष चुनाव के लिए वोट चोरी रोकनी होगी। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तुरंत उनके पद से हटाने की मांग करते हुए कहा कि देश का युवा अब जाग चुका है और अपने अधिकारों के लिए पीछे नहीं हटेगा।