पटना। श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र के संतुष्टि गली के कॉर्नर पर एक चलती होंडा कार में अचानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि समय रहते गाड़ी में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय कार में एक छोटे बच्चे समेत कुल तीन लोग सवार थे।
डॉक्टर के पास जा रहा था परिवार
कार के मालिक और व्यवसायी धर्मेश कुमार अपनी बेटी को देखने के लिए बोरिंग रोड जा रहे थे। उनकी बेटी बोरिंग रोड स्थित डॉक्टर अनीता सिंह के अस्पताल में भर्ती है। धर्मेश कुमार अपनी पत्नी और नाती के साथ बुद्धा कॉलोनी से बोरिंग रोड के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी गाड़ी श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र के संतुष्टि गली के कॉर्नर पर पहुंची, तभी अचानक इंजन के अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा।
स्थिति भांपते ही कार चला रहे धर्मेश कुमार ने तुरंत गाड़ी रोकी और नीचे उतरकर देखा, तब तक बोनट से भयंकर आग की लपटें उठने लगी थीं। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, कार में आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से बची जान
कार में आग लगते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने गजब की सूझबूझ का परिचय दिया। लोगों ने बिना एक पल गंवाए सबसे पहले कार के अंदर फंसे बच्चे समेत तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शी संजय कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यदि समय रहते लोग मदद के लिए आगे नहीं आते, तो कार में सवार लोग अंदर ही फंस सकते थे और स्थिति काफी गंभीर हो सकती थी।
पानी डालकर पाया गया आग पर काबू
आग बुझाने के लिए स्थानीय लोग तुरंत जुट गए। जिसके हाथ में जो भी बर्तन आया, उसी में पानी भरकर लोग कार पर डालने लगे। इसी बीच, घटनास्थल के पास स्थित एक मकान के मालिक ने अपनी मोटर का पाइप निकालकर पानी की तेज धार कार पर डालनी शुरू कर दी। लगभग 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने मिलकर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इसके बाद अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। गनीमत यह रही कि इस दर्दनाक हादसे में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है।


