कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना के लिए आज का दिन का छात्रों के हंगामे का दिन रहा। एक तरफ जहां टीआरई -4 समेत अन्य भर्तियों की मांग को लेकर छात्र सीएम आवास का घेराव करने निकले। इस दौरान पुलिस ने उनपर लाठियां बरसाईं और वाटर कैनन का प्रयोग किया। वहीं, दूसरी तरफ आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय में भी छात्रों का जमकर हंगामा देखने को मिला है।
छात्रों ने पुलिसकर्मियों को पीटा
छात्रों ने सेमेस्टर की परीक्षा में देरी, रिजल्ट में गड़बड़ी, सेशन लेट होने समेत अन्य शिकायतों को लेकर विश्वविद्यालय के अंदर जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान छात्रों ने पुलिस कर्मियों पर भी हमला बोल दिया। किसी तरह पुलिसकर्मी अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहा।
मीठापुर में नर्सिंग छात्रों ने जाम किया सड़क
पटना के मीठापुर में भी नर्सिंग की पढ़ाई करने वाले सैकड़ों छात्र सड़क पर उतर आए और करीब 2 घंटे से अधिक समय तक मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। छात्रों का आरोप है कि उनका सेमेस्टर लेट चल रहा है। वहीं दूसरे सेमेस्टर में मार्क्स कटौती को लेकर भी उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की।
इसकी सूचना मिलते ही जक्कनपुर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद कुछ मिनटों के लिए ट्रैफिक व्यवस्था सुधरती दिखी, लेकिन उसके तुरंत बाद छात्र फिर से सड़क पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन तेज कर दिया। लंबित सेमेस्टर जल्द कराया जाए और एग्जाम प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जाए। यह छात्रों की मुख्य मांग है। इस प्रदर्शन का असर इतना रहा कि करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित हाईवे पर भी लंबा जाम देखने को मिला।
ये भी पढ़ें- ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का शुभारंभ: CM सम्राट ने सुनीं छात्रों की समस्याएं, 30 दिन के अंदर समाधान का निर्देश


