पटना। बिहार की राजधानी में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कुछ दिनों पहले एक सरकारी स्कूल के शिक्षक से लूटपाट कर उन्हें गोली मारने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक अपराधी के पैर में गोली लगी है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

​ट्रांसपोर्ट नगर के पास हुई पुलिस मुठभेड़

​पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शिक्षक पर हमला करने वाले मुख्य आरोपी संदीप उर्फ बादल और उसका साथी प्रिंस, ट्रांसपोर्ट नगर के पास गेल सीएनजी पेट्रोल पंप के पास मौजूद हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी संदीप उर्फ बादल ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें संदीप के पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से दोनों को दबोच लिया। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के अनुसार, घायल बदमाश का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उनके पास से वारदात में इस्तेमाल बाइक और हथियार बरामद कर लिए गए हैं।

​विरोध करने पर शिक्षक के गले में मारी थी गोली

​यह पूरी घटना तब शुरू हुई जब नालंदा के चंडी में तैनात 48 वर्षीय सरकारी शिक्षक शंभू कुमार बुधवार सुबह अगमकुआं थाना क्षेत्र में स्कूल जाने के लिए गाड़ी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार इन दो बदमाशों ने उनसे बैग और मोबाइल छीनने की कोशिश की। जब शिक्षक ने इसका कड़ा विरोध किया, तो बेखौफ अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके गले के नीचे लगी, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। अपराधी सामान लेकर फरार हो गए।

​सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, शिक्षक खतरे से बाहर

​यह पूरी सनसनीखेज वारदात मिश्रा वैली स्कूल के पास लगे एक पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। वीडियो में सुबह 4:19 बजे अपराधी वारदात को अंजाम देकर भागते साफ नजर आ रहे थे। इसी फुटेज की मदद से पुलिस इन तक पहुंचने में कामयाब रही। अगमकुआं थाना प्रभारी राजेश कुमार झा ने बताया कि घायल शिक्षक को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों के मुताबिक अब वे खतरे से बाहर हैं। शिक्षक की पत्नी अंजनी कुमारी ने किसी भी तरह के पुराने विवाद से इनकार किया है। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में एनएच पर सुरक्षा को लेकर काफी आक्रोश है।