बलिया। भोजपुरी के पावर स्टार और हाल ही में एमएलसी (MLC) बने पवन सिंह का बलिया आगमन मंगलवार को चर्चा का विषय बन गया। एक निजी कार्यक्रम के दौरान प्रशंसकों की भारी भीड़ बेकाबू हो गई, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान जमकर कुर्सियां चलीं और भगदड़ मच गई।
क्या था पूरा मामला?
एक निजी कंपनी के डायरेक्टर विनय सिंह के बेटे श्रेयस सिंह के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में पवन सिंह और गोरखपुर के सांसद रवि किशन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। कार्यक्रम में लगभग 25 हजार से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ी थी। रात करीब 10:13 बजे जब पवन सिंह मंच पर पहुंचे, तो प्रशंसकों का उत्साह चरम पर था।
गाने के दौरान बेकाबू हुई भीड़
हंगामा तब शुरू हुआ जब गायिका शिवानी सिंह ने ए सईयां लईका नियन सूती जाले कोरा में गाना प्रस्तुत किया। गाने की धुन पर भीड़ इस कदर बेकाबू हुई कि बैरिकेडिंग को तोड़कर मंच के पास पहुंचने की कोशिश करने लगी। देखते ही देखते दर्शकों ने कुर्सियां फेंकना शुरू कर दिया। लगभग 200 से अधिक कुर्सियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। बाद में जब पवन सिंह अपना लोकप्रिय गाना प्रखंड हो या जिला बबुआने से हिला गाते हुए मंच से नीचे उतरे तो भीड़ फिर से अनियंत्रित हो गई जिससे दूसरी बार स्थिति बिगड़ी।
पुलिस का लाठीचार्ज, युवक का सिर फटा
भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने लाठियां भांजकर लोगों को वहां से भगाया। इस दौरान कई लोग चोटिल हुए, जिनमें से एक युवक का सिर फूट गया। कार्यक्रम में मौजूद इंदासो निवासी सचिन कुमार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सचिन का दावा है कि वह शांति से खड़े थे तभी नगरा थाना के पुलिसकर्मियों ने उन्हें बिना किसी कारण के बुरी तरह पीटा।
मंच पर जश्न और रवि किशन का संबोधन
एक तरफ जहां मैदान में पुलिस लाठियां बरसा रही थी, वहीं मंच पर उत्सव का माहौल बना रहा। पवन सिंह और रवि किशन की उपस्थिति में जन्मदिन का केक काटा गया। इस दौरान रवि किशन ने पवन सिंह को गले लगाकर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा मेरा भाई अब माननीय MLC हो गया है। यह पूरे भोजपुरिया समाज के लिए गर्व और खुशी का पल है। मंच पर दोनों ने कई प्रसिद्ध गानों पर ठुमके भी लगाए और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाए। अंततः हंगामे के कारण कार्यक्रम को समय से पूर्व ही बंद करना पड़ा।

