गौरव जैन, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। कोटमी बाजार में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या और लूट की वारदात के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार और कानून-व्यवस्था पर बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और बिलासपुर के पूर्व विधायक शैलेश पांडेय पेंड्रा पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

narayana

दीपक बैज बोले- अपराधियों का गढ़ बनता जा रहा छत्तीसगढ़

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इस हत्याकांड को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और प्रदेश अब अपराधियों का गढ़ बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार आम जनता और व्यापारियों की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

दीपक बैज ने कहा कि अब हालात ऐसे हो चुके हैं कि सरेबाजार व्यापारियों की हत्या हो रही है और अपराधियों में पुलिस का कोई डर नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार अपराध रोकने के बजाय सिर्फ बयानबाजी में व्यस्त है। बैज ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस इस मामले में उनके साथ खड़ी है और दोषियों की गिरफ्तारी तक आवाज उठाती रहेगी।

शैलेश पांडेय ने गृहमंत्री से मांगा इस्तीफा

वहीं बिलासपुर के पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने भी पेंड्रा पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग से चर्चा कर क्षेत्र की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई।

मीडिया से बातचीत करते हुए शैलेश पांडेय ने कहा कि पूरे प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि बीरनपुर और बलौदाबाजार जैसी घटनाओं के बाद अब व्यापारी भी सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश में महिलाओं, बेटियों और कारोबारियों के मन में डर का माहौल है।

पूर्व विधायक ने गृहमंत्री विजय शर्मा के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे गृह विभाग संभालने में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। कांग्रेस पार्टी ने नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से इस्तीफे की मांग की है।

कोटमी बाजार में हुई थी सनसनीखेज वारदात

दरअसल, मंगलवार शाम को कोटमी के साप्ताहिक बाजार में पल्सर बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी से सोने-चांदी के जेवर लूटने की कोशिश की थी। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। व्यापारियों और परिजनों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम किया और आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं करने का ऐलान कर दिया था।

बाद में प्रशासन और परिजनों के बीच सहमति बनने के बाद तीन डॉक्टरों की विशेष टीम की निगरानी में वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं पुलिस अब भी आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

आईजी बोले- जल्द गिरफ्त में होंगे आरोपी

बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा है कि मामले की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। साइबर, टेक्निकल और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा सीमावर्ती जिलों और पड़ोसी राज्यों में नाकेबंदी कराई गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H