गौरव जैन, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। इंदौर-बिलासपुर एक्सप्रेस में आज यात्रा के दौरान एक बुजुर्ग यात्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम सक्रिय हो गई। ट्रेन के पेंड्रारोड स्टेशन पहुंचने पर शव को उतारकर जिला अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सिकंदर आशिक खान (70 वर्ष) के रूप में हुई है। वे उज्जैन से अनूपपुर जाने के लिए इंदौर-बिलासपुर एक्सप्रेस में सवार हुए थे। यात्रा के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सहयात्रियों ने उन्हें सीट पर अचेत अवस्था में देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना रेलवे प्रशासन और पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम पहले से अलर्ट रही। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही अधिकारियों ने शव को नीचे उतारा और जांच शुरू की। तलाशी के दौरान मृतक के पास से मिले पहचान पत्र के आधार पर उनकी पहचान वार्ड क्रमांक-09, जिला बैकुंठपुर निवासी के रूप में की गई।
इसके बाद शव को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पेंड्रारोड जीआरपी ने मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।

पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मौत के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

