कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में आज एक ऐसा फरियादी पहुंचा, जिसने अपनी शिकायत की तरह अपने अनोखे विरोध से सबका ध्यान खींच लिया। चेहरे पर कॉकरोच का मास्क, गले में दस्तावेजों की माला और हाथ में आवेदन लेकर पहुंचे पीएचडी शोध छात्र रूप सिंह ने खुद को “कॉकरोच” और कुछ अधिकारियों को व्यवस्था में लगी “दीमक” बताया। उनका आरोप है कि जनहित में की गई शिकायत के बाद उन्हें ही “आदतन शिकायतकर्ता” घोषित कर दिया गया, जिसके विरोध में उन्होंने यह अनोखा प्रदर्शन किया।

चेहरे पर कॉकरोच का मास्क, उस पर लिखा आदतन शिकायतकर्ता बनाने का दर्द, कृषि विभाग के फर्जीवाड़े की जानकारी भी इस मास्क पर प्रिंट की गई, जिसे लगाकर जनसुनवाई में पहुंचे रूप सिंह बघेल को देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। ग्वालियर निवासी और पीएचडी शोध छात्र रूप सिंह का कहना है कि उन्होंने एम लाल ऑर्गेनिक प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े एक मामले में सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कंपनी द्वारा अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार में “ऑर्गेनिक” और “जैविक” शब्दों के इस्तेमाल, उससे जुड़े दस्तावेजों और प्रमाणों की जांच की मांग की गई थी। 

रूप सिंह का आरोप है कि CM हेल्पलाइन में कई गयी शिकायत के निराकरण के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने उन्हें “आदतन शिकायतकर्ता” अंकित कर दिया। उनका कहना है कि यह टिप्पणी बिना किसी तथ्य और वैधानिक आधार के की गई, जिससे उनकी छवि धूमिल हुई और जनहित में शिकायत करने वालों को हतोत्साहित करने का प्रयास किया गया। इसी के विरोध में उन्होंने कॉकरोच का रूप धारण किया। उनका कहना है कि जिस व्यवस्था में शिकायतकर्ता की बात सुनने के बजाय उसे ही कटघरे में खड़ा कर दिया जाए, वहां कुछ अधिकारी दीमक की तरह सिस्टम को खोखला कर रहे हैं और वह उसी व्यवस्था में संघर्ष कर रहे एक “कॉकरोच” का प्रतीक बनकर जनसुनवाई में पहुंचे।

रूप सिंह बघेल ने जनसुनवाई में ADM CB प्रसाद को दिए आवेदन में मांग की है कि उन्हें आदतन शिकायतकर्ता किस आधार पर घोषित किया गया, इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाए। यदि यह टिप्पणी तथ्यहीन पाई जाती है तो उसे पोर्टल से हटाया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए।आवेदन में एम लाल ऑर्गेनिक प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े जांच प्रतिवेदन, निरीक्षण रिपोर्ट, आदेश, नोटशीट और अन्य दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। वहीं ADM सीबी प्रसाद में मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

जनसुनवाई में अक्सर लोग आवेदन और शिकायत लेकर पहुंचते हैं, लेकिन इस बार एक शिकायतकर्ता कॉकरोच बनकर पहुंचा। चेहरे पर मास्क, गले में दस्तावेजों की माला और सिस्टम पर गंभीर सवाल। रूप सिंह बघेल के इस अनोखे विरोध ने जनसुनवाई में मौजूद हर व्यक्ति का ध्यान अपनी ओर खींचा। अब देखना होगा कि प्रशासन इन आरोपों और मांगों पर क्या कार्रवाई करता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m