नई दिल्ली। दिल्ली-NCR के अन्य इलाकों में गुरुवार शाम लोगों के मोबाइल फोन अचानक एक आपातकालीन चेतावनी संदेश से बज उठे। इस संदेश में अगले 3 घंटों के दौरान मौसम के बेहद खराब होने की आशंका जताते हुए ‘अत्यंत गंभीर अलर्ट’ जारी किया गया। मौसम विभाग की ओर से भेजे गए अलर्ट में बताया गया कि संबंधित जनपदों के कुछ इलाकों में तेज आंधी-तूफान, बिजली कड़कने, मध्यम से भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी।

अलर्ट के अनुसार, तूफानी हवाओं की रफ्तार 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ों के गिरने, बिजली आपूर्ति प्रभावित होने और यातायात बाधित होने का खतरा पैदा हो सकता है। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की भी चेतावनी दी गई। मौसम विभाग के अलर्ट के कुछ समय बाद ही गुरुग्राम और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के कई इलाकों में तेज हवाएं चलने लगीं और हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम में आए इस अचानक बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, हालांकि प्रशासन और मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है।

पहले अलर्ट के करीब दो घंटे बाद विभाग ने एक बार फिर ‘बेहद गंभीर चेतावनी’ जारी करते हुए अगले 3 घंटों के दौरान मौसम के और अधिक खराब होने की आशंका जताई। मौसम विभाग ने चेतावनी में कहा कि जिले के कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी और तूफान आने की संभावना है। इस दौरान 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही बिजली कड़कने, मध्यम से भारी बारिश होने और ओलावृष्टि की भी अत्यधिक संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से खुले स्थानों, कमजोर संरचनाओं और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी और आसपास के इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। तेज हवाओं, बादलों की आवाजाही और हल्की से मध्यम बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी। विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि 14 जून से 16 जून तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के चलते राजधानी के मौसम में यह बदलाव आ रहा है।

दिल्ली में बादलों की आवाजाही, बूंदाबांदी और तेज हवाओं के कारण मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार की तुलना में गुरुवार को शहर के औसत तापमान में 3.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 7.1 डिग्री सेल्सियस की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।

वहीं, पालम क्षेत्र में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह लोधी रोड इलाके में भी अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि बादलों, तेज हवाओं और हल्की बारिश की गतिविधियों के कारण तापमान में कमी आई है। विभाग ने गुरुवार देर रात और शुक्रवार के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी और बारिश की संभावना जताई है।

‘सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम’ से भेजे गए मैसेज

दरअसल, यह चेतावनी देश में हाल ही में शुरू की गई अत्याधुनिक सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम सेवा के माध्यम से भेजी गई थी, जिसका उद्देश्य आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों तक तत्काल सूचना पहुंचाना है। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 2 मई को इस नई सेवा की शुरुआत की थी। इस प्रणाली के जरिए किसी विशेष क्षेत्र में रहने वाले लोगों के मोबाइल फोन पर एक साथ आपदा, गंभीर मौसम, भूकंप, बाढ़, चक्रवात और अन्य आपात स्थितियों से संबंधित महत्वपूर्ण चेतावनी संदेश सीधे भेजे जा सकते हैं। गुरुवार को इसी प्रणाली के तहत दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और एनसीआर के अन्य इलाकों में रहने वाले लोगों को तेज आंधी, बिजली कड़कने, भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी भेजी गई। मौसम विभाग ने 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका भी जताई थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m