कुमार इंदर, जबलपुर। गांधी जयंती 2 अक्टूबर को ‘ड्राई डे’ के अवसर पर अधिक दामों में अवैध शराब बेचने की बड़ी साजिश को रांझी पुलिस ने नाकाम कर दिया है। जबलपुर आईजी और एसपी के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गांधी व्यायामशाला क्षेत्र में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध शराब जप्त की है।
तीन मकानों पर छापेमारी, 495 लीटर शराब बरामद
रांझी पुलिस की तीन अलग-अलग टीमों ने एक साथ तीन मकानों पर छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान मौके से कुल 112 पेटी (लगभग 495 लीटर) अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
आदतन अपराधी बल्लू पटवा का था स्टॉक, आरोपी फरार
जांच में सामने आया है कि अवैध शराब का यह बड़ा स्टॉक क्षेत्र के आदतन अपराधी बल्लू पटवा द्वारा जमा किया गया था। वह गांधी जयंती के दिन शराब दुकानों के बंद रहने का फायदा उठाकर इसे महंगे दामों पर बेचने की फिराक में था। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही मुख्य आरोपी बल्लू पटवा मौके से फरार हो गया।
अवैध शराब के खिलाफ सड़क पर उतरीं आदिवासी महिलाएं: आबकारी दफ्तर का किया घेराव, सौंपा ज्ञापन
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
रांझी सीएसपी सतीश साहू ने बताया कि पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है और फरार मुख्य आरोपी बल्लू पटवा को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

