PM Narendra Modi Norway Visit: पीएम नरेंद्र मोदी 5 देशों की विदेश यात्रा पर हैं। संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड और स्वीडन के बाद प्रधानमंत्री मोदी नॉर्वे पहुंचे। हालांकि पीएम मोदी का नॉर्वे दौरा विवादों में आ गया है। नॉर्वे में एक प्रेस कार्यक्रम में नॉर्वे की महिला पत्रकार हेले लिंग (Helle Lyng) ने पीएम नरेंद्र मोदी से भारत में मानवाधिकार और मीडिया की स्वतंत्रता पर सवाल पूछा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री के जोनस गाहर स्टोरे (Jonas Gahr Store) साथ संयुक्त बयान तो दिया, लेकिन मीडिया के सवाल नहीं लिए। इसपर अब नॉर्वे से लेकर भारत पर बवाल मच गया है। इस पर सोशल मीडिया पर भी जमकर रिएक्शन आ रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के नॉर्वे दौरे पर महिला पत्रकार के सवाल का जवाब न देने पर राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर करारा वार किया है। कांग्रेस सांसद ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- जब दुनिया एक कॉम्प्रोमाइज PM को कुछ सवालों से घबराकर भागते हुए देखती है तो भारत की छवि पर क्या असर पड़ता है। जब छिपाने के लिए कुछ नहीं है तो डरने की भी कोई बात नहीं है। उन्होंने नॉर्वे की महिला जर्नलिस्ट हेली लिंग की X पोस्ट शेयर करते हुए यह सब लिखा।
वहीं नॉर्वे की पत्रकार हेली लिंग ने X पर नाराजगी जताई है। हेली लिंग ने पीएम मोदी ने कार्यक्रम से जाने का वीडियो शेयर किया है। वीडियो में एक महिला की आवाज सुनाई देती है, जो पूछती है कि दुनिया की सबसे स्वतंत्र प्रेस के सवालों का जवाब क्यों नहीं लिया जा रहा। उन्होंने लिखा- भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरा सवाल नहीं उठाया, मुझे उनसे इसकी उम्मीद भी नहीं थी। नॉर्वे वर्ल्ड प्रेस फ्रीडम इंडेक्स में नंबर एक पर है, भारत 157वें नंबर पर है, और फिलिस्तीन, अमीरात और क्यूबा के साथ मुकाबला कर रहा है। जिन ताकतों के साथ हम सहयोग करते हैं, उनसे सवाल करना हमारा काम है।
इस पर हेली लिंग के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए भारतीय विदेश मंत्रालय ने लिखा- @HelleLyngSvends एम्बेसी आज शाम 9:30 बजे होटल रैडिसन ब्लूप्लाज़ा में प्रधानमंत्री के दौरे पर एक प्रेस ब्रीफिंग ऑर्गनाइज़ कर रही है। आपका वहाँ आकर अपने सवाल पूछने के लिए बहुत स्वागत है। भारतीय विदेश मंत्रालय के बुलाने पर हेले लिंग (Helle Lyng) भी पहुंची। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने पूछा-हम भारत पर भरोसा क्यों करें?” उन्होंने मानवाधिकार उल्लंघन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भारत में जो हो रहा है, क्या उसे रोका जाएगा। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या प्रधानमंत्री कभी भारतीय प्रेस के कठिन सवालों का जवाब देंगे।
हेले लिंग के सवालों को जवाब विदेश मंत्रालय में पश्चिम मामलों के सचिव सिबी जॉर्ज ने देते हुए कहा कि भारत केवल एक देश नहीं, बल्कि पांच हजार साल पुरानी निरंतर सभ्यता है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की पहचान उसकी आबादी, सरकार, संप्रभुता और क्षेत्र से होती है और भारत इन सभी मूल्यों के साथ दुनिया में मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि भारत ने दुनिया को बहुत कुछ दिया है और कोरोना महामारी के समय भारत ने खुद को दुनिया से अलग नहीं किया, बल्कि जरूरतमंद देशों की मदद के लिए आगे आया। यही भरोसा दुनिया को भारत पर विश्वास दिलाता है।
इसपर पत्रकार हेले लिंग ने सिबी जॉर्ज को रोकते हुए बीच में बोलने लगीं। इसपर सिबी जॉर्ज नाराज हो गए। उन्होंने कहा, ‘कृपया मुझे बीच में मत रोकिए। आपने पूछा है कि दुनिया भारत पर भरोसा क्यों करे, तो मुझे जवाब देने दीजिए। जब पत्रकार ने फिर कहा कि वह सीधे जवाब चाहती हैं तो उन्होंने कहा कि सवाल पूछने वाला यह तय नहीं कर सकता कि जवाब किस तरीके से दिया जाए। उन्होंने कहा कि यह मेरा अधिकार है कि मैं अपने तरीके से जवाब दूं।
भारत में लोगों को मौलिक अधिकार मिला हुआ
सिबी जॉर्ज ने कहा कि भारत दुनिया की कुल आबादी का लगभग छठा हिस्सा है, लेकिन दुनिया की समस्याओं का छठा हिस्सा नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान लोगों को मौलिक अधिकार देता है और देश में महिलाओं को बराबरी का अधिकार मिला हुआ है। सिबी जॉर्ज ने कहा कि हम मानवाधिकारों में विश्वास करते हैं। अगर किसी के अधिकारों का उल्लंघन होता है तो उसे अदालत जाने का अधिकार है। हमें अपने लोकतंत्र पर गर्व है।
विदेशी मीडिया और NGO पर भी निशाना साधा
सिबी जॉर्ज ने विदेशी मीडिया और कुछ NGO पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बहुत से लोगों को भारत के आकार और यहां के मीडिया सिस्टम की समझ नहीं है। उन्होंने कहा, “दिल्ली में ही 200 से ज्यादा टीवी चैनल हैं। अंग्रेजी, हिंदी और कई भाषाओं में हर दिन लगातार ब्रेकिंग न्यूज चलती है। लोग कुछ अंजान NGO की रिपोर्ट पढ़ लेते हैं और फिर सवाल पूछने आ जाते हैं।
पत्रकार ने दी सफाई, बोलीं-मैं किसी विदेशी सरकार की जासूस नहीं
बाद में पत्रकार हेले लिंग ने सोशल मीडिया पर एक और संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि वह किसी विदेशी सरकार की जासूस नहीं हैं। उन्होंने लिखा कि उन्हें कभी नहीं लगा था कि उन्हें इस तरह की सफाई देनी पड़ेगी। पत्रकार ने कहा कि वह नॉर्वे में पत्रकारिता का काम करती हैं और उन्होंने केवल अपने पेशे के तहत सवाल पूछे थे।
यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

