PM Modi-Putin Meeting: बिश्केक में आयोजित SCO समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात ने एक बार फिर भारत-रूस की मजबूत दोस्ती को दुनिया के सामने रखा। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक में वैश्विक हालात, युद्ध, शांति और द्विपक्षीय सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। हालांकि, इस मुलाकात में सबसे ज्यादा चर्चा मोदी-पुतिन की ‘कार डिप्लोमेसी’ की रही।

एक कार में सवार हुए मोदी-पुतिन

द्विपक्षीय बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन एक ही कार में सवार होकर एरिना में आयोजित छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह के लिए रवाना हुए। इससे पहले दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और एक-दूसरे को गले लगाया। दोनों की यह सहज बॉन्डिंग वैश्विक मंच पर खास कूटनीतिक संदेश देती नजर आई।

PM Modi ने दिया शांति का संदेश

पुतिन के साथ बैठक में पीएम मोदी ने महात्मा गांधी और गौतम बुद्ध के शांति संदेश का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि युद्ध का हर दिन मानवता को पीछे धकेलता है, जबकि शांति की दिशा में उठाया गया हर कदम नई उम्मीद और उत्साह पैदा करता है। प्रधानमंत्री ने दोहराया कि किसी भी विवाद का समाधान केवल संवाद और कूटनीति के जरिए संभव है।

क्या है मोदी-पुतिन की ‘Car Diplomacy’ का मतलब?

कूटनीति में शीर्ष नेताओं का औपचारिक प्रोटोकॉल से हटकर साथ यात्रा करना अक्सर एक महत्वपूर्ण स्ट्रैटजिक सिग्नल माना जाता है। यूक्रेन युद्ध और रूस पर पश्चिमी प्रतिबंधों के बीच मोदी-पुतिन की यह सार्वजनिक नजदीकी संकेत देती है कि भारत अपनी विदेश नीति स्वतंत्र रूप से तय करता है और किसी तीसरे देश या गुट के दबाव में नहीं आता।

ऊर्जा, व्यापार और रक्षा पर हुई चर्चा

बैठक में दोनों नेताओं ने राजनीति, अर्थव्यवस्था, रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष और व्यापार समेत कई क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की। 24 अगस्त 2026 को मॉस्को में हुई भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की बैठक के सकारात्मक परिणामों का भी स्वागत किया गया। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया और ब्लैक सी में जारी संघर्षों से समुद्री व्यापार और भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर पड़ रहे प्रभाव पर भी चर्चा की।

BRICS Summit के लिए पुतिन को न्योता

भारत द्वारा 2026 में BRICS की अध्यक्षता किए जाने के बीच पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को 12-13 सितंबर 2026 को भारत में होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने का आधिकारिक निमंत्रण भी दिया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m