कर्नाटक के बेलगावी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पार्टी के दौरान चिकन के ज्यादा टुकड़े खाने को लेकर हुए विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि एक युवक ने अपने ही दोस्त की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घटना मुदलागी तालुक के हुनाश्याल पीजी गांव की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ज्यादा चिकन खाने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के कबीरगंज गांव निवासी सीताराम के रूप में हुई है। वह मुदलागी की प्रिया स्टील कंपनी में काम करता था। आरोपी अरुण कुमार भी उसी कंपनी में काम करता था और वह भी कबीरगंज का रहने वाला है।
बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त एक साथ पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान थाली में रखे चिकन के टुकड़ों को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। अरुण का आरोप था कि सीताराम उससे ज्यादा चिकन खा रहा है। देखते ही देखते मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
गुस्से में सीने में घोंपा चाकू
विवाद बढ़ने पर अरुण ने कथित तौर पर चाकू निकालकर सीताराम के सीने में घोंप दिया। हमले में सीताराम गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी ने घटना को छिपाने की कोशिश की। वह घायल सीताराम को इलाज के लिए गोकक सरकारी अस्पताल ले गया और डॉक्टरों को बताया कि वह किसी इमारत से गिरकर घायल हुआ है।
पुलिस पूछताछ में खुला हत्या का राज
अस्पताल प्रशासन और पुलिस को अरुण की कहानी पर संदेह हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर अपना अपराध कबूल कर लिया। वहीं, अस्पताल में इलाज के दौरान सीताराम की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि छोटी-सी कहासुनी भी गुस्से में कितना खतरनाक रूप ले सकती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


