राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 अगस्त को राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात, पीएम के साथ’ के जरिए देश के युवाओं और एथलीटों से वर्चुअल संवाद करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य भारत की खेल व्यवस्था को मजबूत करना, जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को बढ़ावा देना और 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं का रोडमैप तैयार करना है।

1500 लोकेशन से जुड़ेंगे युवा

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने टीवी9 भारतवर्ष से बातचीत में बताया कि कार्यक्रम से देशभर की करीब 1500 लोकेशन को जोड़ा जाएगा। इनमें IIT, IIM और विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्र शामिल होंगे। इसका प्रमुख लक्ष्य खेलों में उभर रही युवा प्रतिभाओं को प्रधानमंत्री के साथ सीधे संवाद का अवसर देना है।

खेल उपलब्धियों पर होगा विशेष फोकस

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के सामने पिछले 12 वर्षों में भारत की खेल उपलब्धियों पर आधारित प्रस्तुति भी रखी जाएगी। देश के कई प्रमुख एथलीट अपने-अपने जिलों से जुड़कर युवाओं को संबोधित करेंगे और अपने संघर्ष, अनुभव तथा सफलता की कहानी साझा करेंगे।

मंडाविया ने कहा कि चैंपियन बनने की शुरुआत हमेशा बड़े स्टेडियम से नहीं होती, बल्कि छोटे गांवों और कस्बों से भी प्रतिभाएं निकलती हैं। इसी संदेश को युवाओं तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।

युवाओं से लिए जाएंगे सुझाव

कार्यक्रम में युवाओं से खेल और युवा विकास से जुड़े चार प्रमुख विषयों पर विचार और नए सुझाव लिए जाएंगे। इनमें खेल व्यवस्था को मजबूत करना, जमीनी स्तर पर बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना, प्रशिक्षण के अवसर बढ़ाना और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की व्यवस्था शामिल है।

युवाओं के सुझावों को नीति-निर्माताओं और खेल संस्थानों तक पहुंचाया जाएगा। इससे खिलाड़ियों की वास्तविक जरूरतों और अनुभवों को भविष्य की खेल नीतियों से जोड़ने में मदद मिलेगी।

2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभा तलाशने पर जोर

‘खेलो इंडिया संवाद’ के जरिए सरकार का लक्ष्य 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं की पहचान और विकास का रोडमैप तैयार करना भी है। साथ ही, युवाओं को नीति निर्माण और शासन की प्रक्रिया में अधिक सक्रिय भागीदारी देने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m