० ड्राइंग-निबंध प्रतियोगिता के विजेता होंगे सम्मानित, उद्घाटन के बाद हाइड्रोजन ट्रेन से जींद- सोनीपत की यात्रा करेंगे स्कूली छात्र
जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा के जींद दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे देश की बहुप्रतीक्षित हाइड्रोजन ट्रेन और जींद व नरवाना के नवनिर्मित अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए रेलवे ने स्कूली विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रतियोगिताएं आयोजित करने और 50 बच्चों को हाइड्रोजन ट्रेन की पहली यात्रा कराने की योजना बनाई है।
17 जुलाई को जींद से देंगे विकास परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को सुबह करीब 10 बजे जींद पहुंचेंगे। यहां से वे हाइड्रोजन ट्रेन, जींद और नरवाना के अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही हरियाणा की कई अन्य विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
स्कूलों में होंगी ड्राइंग और निबंध प्रतियोगिताएं
इस राष्ट्रीय उपलब्धि को लेकर नॉर्दर्न रेलवे ने विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। रेलवे ने जींद के खंड शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर पांच स्कूलों में ड्राइंग और निबंध प्रतियोगिता आयोजित कराने को कहा है।इन प्रतियोगिताओं में सातवीं और आठवीं कक्षा के विद्यार्थी भाग लेंगे।
ये होंगे प्रतियोगिता के विषय
विद्यार्थियों को दो विषय दिए गए हैं—
0 ‘मेरे शहर का विकसित स्टेशन कैसा होगा?’
0 ‘विकसित भारत बनाने के लिए मैं क्या करूंगा/करूंगी?’
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री के उद्घाटन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
50 छात्रों को मिलेगा हाइड्रोजन ट्रेन में सफर का मौका
उद्घाटन समारोह के बाद 50 चयनित स्कूली विद्यार्थियों को देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन में जींद से सोनीपत तक यात्रा करने का अवसर मिलेगा। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों का दल भी रहेगा। छात्र उसी ट्रेन से वापस जींद लौटेंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी सरोज श्योकंद ने बताया कि इस संबंध में रेलवे की ओर से आधिकारिक पत्र प्राप्त हुआ है और आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
रैली की तैयारियों में जुटी भाजपा और सरकार
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर भाजपा संगठन और राज्य सरकार तैयारियों में जुट गई है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता लगातार पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर रही हैं।
रैली का संयोजन राज्यसभा सांसद संजय भाटिया को सौंपा गया है, जबकि सरकार की ओर से मंत्री कृष्ण बेदी और विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस बार रैली को इको-फ्रेंडली बनाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

