जींद/नई दिल्ली। भारतीय रेलवे 17 जुलाई 2026 को एक नया इतिहास रचने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस ऐतिहासिक यात्रा में जींद के 200 स्कूली बच्चों को प्रधानमंत्री के साथ सफर करने का विशेष अवसर मिलेगा।

ड्राइंग और निबंध प्रतियोगिता से होगा छात्रों का चयन

उत्तरी रेलवे (दिल्ली मंडल) के निर्देश पर जींद के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस विशेष यात्रा के लिए क्षेत्र के पांच चयनित स्कूलों से कक्षा 7वीं और 8वीं के 200 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

छात्रों का चयन ‘हाइड्रोजन ऊर्जा और विकसित भारत’ विषय पर आयोजित ड्राइंग और निबंध प्रतियोगिता के आधार पर होगा। प्रतियोगिता के विजेता छात्रों को उद्घाटन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मानित भी करेंगे।

पांडू पिंडारा स्टेशन तक होगा विशेष सफर

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बच्चों के लिए विशेष यात्रा योजना बनाई गई है। सभी छात्र जींद रेलवे स्टेशन से हाइड्रोजन ट्रेन में सवार होंगे और पांडू पिंडारा रेलवे स्टेशन तक यात्रा करेंगे। वहां से उन्हें बसों के जरिए सुरक्षित वापस जींद लाया जाएगा।

जींद-सोनीपत रेलखंड पर दौड़ेगी पहली हाइड्रोजन ट्रेन

देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित ट्रेन पूरी तरह भारत में डिजाइन और विकसित की गई है। यह ट्रेन जींद-सोनीपत रेलखंड पर संचालित होगी। हाइड्रोजन तकनीक से चलने वाली यह ट्रेन पर्यावरण के अनुकूल है और संचालन के दौरान केवल जलवाष्प (Water Vapour) का उत्सर्जन करेगी, जिससे वायु प्रदूषण नहीं होगा।

इस उपलब्धि के साथ भारत उन चुनिंदा देशों की सूची में शामिल हो जाएगा, जहां हाइड्रोजन ट्रेन तकनीक का सफल संचालन हो रहा है।

अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का भी करेंगे लोकार्पण

17 जुलाई को आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद और नरवाना के नवनिर्मित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह कार्यक्रम भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और हरित परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।