पश्चिम एशिया संकट और तेल की बढ़ती कीमतों के बीच पीएम मोदी कई बार देशवासियों से ईंधन बचाने की अपील कर चुके हैं। उनकी इस अपील का असर अब बीजेपी नेताओं पर भी दिखने लगा है। दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा शुक्रवार को गाड़ी छोड़ साइकिल के जरिए एनडीएमसी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अगर देश का हर नागरिक अपनी रोजमर्रा की आदतों में थोड़ा बदलाव लाए, तो बड़े स्तर पर ईंधन की बचत की जा सकती है। वर्मा ने कहा कि सरकार की कोई भी पहल तभी सफल होती है, जब जनता भी उसमें बराबर की भागीदारी निभाए।
बीजेपी के नेताओं पर दिख रहा पीएम की अपील का असर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील का असर अब देशभर में देखने को मिल रहा है। बीजेपी के कई नेता और पदाधिकारी अलग-अलग तरीकों से लोगों को संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि पेट्रोल-डीजल की बचत सिर्फ पैसे बचाने का मामला नहीं बल्कि देशहित और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ा हुआ है।
दिल्ली में बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी भी साइकिल से बीजेपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद देशभर में मोर्चा कार्यकर्ता छोटी-छोटी दूरी तय करने के लिए साइकिल का इस्तेमाल करेंगे और लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। उनका कहना है कि इससे न सिर्फ पेट्रोल-डीजल की खपत कम होगी बल्कि लोगों की सेहत भी बेहतर रहेगी।
वहीं, हरियाणा में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत अपनी पत्नी के साथ ट्रेन से कुरुक्षेत्र पहुंचे और वहां से साइकिल से गुरुकुल गए। उन्होंने भी इसे ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक जरूरी कदम बताया।
हरियाणा के मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने खुद अपने काफिले को छोटा करके एक उदाहरण पेश किया है और अब हरियाणा के मंत्री भी उसी रास्ते पर चलेंगे। इसी तरह हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

