Bihar News: बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीएमसीएच (PMCH) के प्रभारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह को स्वास्थ्य विभाग ने पद से हटा दिया है। विभाग ने उनकी जगह डॉ. गीता सिन्हा को पीएमसीएच का नया प्रभारी प्राचार्य नियुक्त किया है।
निरीक्षण के दौरान गायब थे PMCH प्रिंसिपल
दरअसल, 23 जून को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पीएमसीएच का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान अस्पताल के प्रभारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह अपने कार्यालय में मौजूद नहीं थे। बताया गया कि वह बिना किसी पूर्व सूचना के कार्यक्रम से अनुपस्थित थे। इतना ही नहीं, उन्होंने न तो छुट्टी के लिए आवेदन दिया था और न ही किसी अन्य अधिकारी को अपनी जिम्मेदारी सौंपी थी।
स्वास्थ्य मंत्री का फोन भी नहीं उठाया
निरीक्षण के दौरान खुद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री का फोन भी रिसीव नहीं किया। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताई थी और कहा था कि यह गंभीर लापरवाही है तथा इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की बात कही थी। स्वास्थ्य विभाग की जांच में यह भी सामने आया कि कार्यालय अवधि के दौरान डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह अपने निजी क्लिनिक में मौजूद थे।
डॉ. गीता सिन्हा बनीं PMCH की नई प्रभारी प्राचार्य
जांच रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह को प्रभारी प्राचार्य के अतिरिक्त प्रभार से हटा दिया है। साथ ही उनका तबादला बेतिया कर दिया गया है। विभाग ने पीएमसीएच की नई प्रभारी प्राचार्य के रूप में डॉ. गीता सिन्हा को जिम्मेदारी सौंपी है।
ये भी पढ़ें- ‘दोषी कोई भी हो, कार्रवाई होगी’, भरत तिवारी एनकाउंटर पर पहली बार बोले CM सम्राट चौधरी

