कुंदन कुमार, पटना। राजभवन मार्च के दौरान पुलिस ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया है। पुलिस तेजस्वी को मार्च से अलग करते हुए पुलिस उन्हें बैरिकेडिंग के दूसरे तरफ ले गई, जहां उन्हें एक गाड़ी में बैठाया गया है। पुलिस ने राजद के मार्च को आगे बढ़ने से रोक दिया है।

सरकार को हमारी मांग सुनना होगा- तेजस्वी

हिरासत में लिए जाने के बाद तेजस्वी ने कहा कि, जनता हमारे साथ है और जनता जब हमारे साथ है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार को हमारी मांग को सुनना होगा और निराकरण करना होगा। बता दें कि तेजस्वी के अलावा अब्दुल बारी सिद्दीकी, अवध नारायण चौधरी, भाई बीरेंद्र, सांसद संजय यादव ने भी अपनी गिरफ्तारी दी है। हालांकि मार्च में शामिल बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अभी भी वहां मौजूद हैं। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोका हुआ है।

AK-47 फायरिंग घटना को लेकर सड़क पर है राजद

गौरतलब है कि सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से हुई फायरिंग की घटना को लेकर राजद आज सड़क पर है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजभवन मार्च निकाला गया। तेजस्वी सबसे पहले जेपी गोलंबर पहुंचे, जहां उन्होंने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और भी राजभवन मार्च के लिए कूच किया।

सम्राट के आदेश पर चला वाटर कैनन- तेजस्वी

तेजस्वी के नेतृत्व में यह मार्च जेपी गोलंबर से शुरू हुआ और इनकम टैक्स गोलंबर पर पटना पुलिस ने इसे रोका और भीड़ को तीतर-बितर करने के लिए मार्च पर वाटर कैनन का प्रयोग किया। वाटर कैनन के इस्तेमाल पर RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, यह सब सम्राट चौधरी के आदेश पर हुआ है… इससे (वाटर कैनन) कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। जनता जाग चुकी है और सड़कों पर है। अब सरकार को झुकना ही पड़ेगा। ऐसे काम नहीं चलेगा।

ये भी पढ़ें- विधायक बनते ही एक्शन में प्रशांत किशोर, बांकीपुर की 3 समस्याओं को लेकर DGP से की मुलाकात